1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की लोहे की रॉड से की हत्या, बदले में स्थानीय लोगों ने पीट-पीटकर ले ली उसकी जान

एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की लोहे की रॉड से की हत्या, बदले में स्थानीय लोगों ने पीट-पीटकर ले ली उसकी जान

पुलिस ने दोनों के शव को अपने कब्जे में ले लिया है। इस पूरे मामले की जांच पड़ताल भी शुरू कर दी है। जांच में जुटे अधिकारी ने कहा कि पड़ोसी पर हमला करने वाला व्यक्ति पुलिस की टीम पर भी हमला कर चुका है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO सांकेतिक तस्वीर
उत्तर पूर्वी भारत के त्रिपुरा राज्य से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां दक्षिण त्रिपुरा जिले के एक गांव में मानसिक रूप से अस्वस्थ एक व्यक्ति (40) ने पड़ोसी की हत्या कर दी। इसके बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रविवार को आरोपी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। 

 

रविवार की सुबह हो गया उन्मादी

मनुबाजार पुलिस थाने के अंतर्गत कलचेर्रा गांव का आशीष देबनाथ मानसिक रूप से अस्वस्थ था। रविवार सुबह वह उन्मादी हो गया। इसके बाद दो स्थानीय लोग उसे शांत कराने के लिए गए। 

 

लोहे की रॉड से दो पर किया हमला, एक की मौके पर मौत

इस मामले की अधिक जानकारी देते हुए उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO) नित्यानंद सरकार ने कह, ‘देबनाथ हिंसक हो गया और उसने दोनों पर हमला कर दिया। उसने उनमें से एक पर लोहे की रॉड से प्रहार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा व्यक्ति भागने में सफल रहा।’ 

 

पुलिस की टीम और स्थानीय लोगों ने किया पीछा

देसप्रिय भट्टाचार्य की हत्या करने के बाद देबनाथ शव को पास के तालाब में ले गया और लोहे की छड़ के साथ वहीं रहा। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस की एक टीम कलचेर्रा गांव पहुंची। पुलिस वैन को देखकर देबनाथ ने भागने की कोशिश की लेकिन सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया। 

 

स्थानीय लोगों की पिटाई से चली गई जान

ग्रामीणों ने देबनाथ को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हम उसे पास के स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।’ 

 

पहले पुलिस पर भी कर चुका है हमला

एसडीपीओ ने कहा कि देबनाथ को पिछले साल पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह जमानत पर बाहर था। उन्होंने कहा, 'हमने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।' (भाषा के इनपुट के साथ)
 

Latest Crime News