1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. UP: शादी में तंदूरी रोटी को लेकर हुई मारपीट, दो की मौत; 6 गिरफ्तार

UP: शादी में तंदूरी रोटी को लेकर हुई मारपीट, दो की मौत; 6 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में तंदूरी रोटी को लेकर हुए विवाद में दो लोगों की हत्या कर दी गई है। फिलहाल पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

तंदूरी रोटी को लेकर हुई मारपीट।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE तंदूरी रोटी को लेकर हुई मारपीट।

अमेठी: यूपी के अमेठी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी के दौरान तंदूरी रोटी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इस विवाद को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट होने लगी। मारपीट में दो लोगों की मौत भी हो गई है। बताया जा रहा है कि बारात में तंदूरी रोटी को लेकर विवाद हुआ था। वहीं घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है। वहीं एफआईआर में नामजद छह लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। 

बारात के दौरान हुआ विवाद

दरअसल, पूरा मामला गौरीगंज थाना क्षेत्र के सहाय हृदय शाह गांव का है। बताया जा रहा है कि यहां तीन मई की रात को दो पक्षों में विवाद हो गया था। यहां जामों थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव से एक बारात आई हुई थी। इस बारात में जो दूल्हा था, वो गांव के प्रधान राम जियावन वर्मा का बेटा था। वहीं गौरीगंज के राजगढ़ वोधघन का पुरवा निवासी रवि (18) और आशीष (17) दुल्हन पक्ष की ओर से मेहमान बनकर आए थे। पुलिस ने बताया कि विवाह में खाने के दौरान तंदूरी रोटी को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद हाथापाई भी होने लगी। 

मारपीट में दो की मौत

अमेठी की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा, "दोनों पीड़ितों की चोटों के कारण मौत हो गई। शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में नामजद छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।" वहीं पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अमेठी जिलवे के गौरीगंज थाने में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। इसमें गैर इरादतन हत्या, हमला करना, आपराधिक बल का इस्तेमाल और सामूहिक हिंसा के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं सभी नामजद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (इनपुट- पीटीआई)

Latest Crime News