बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हत्या का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा की मनचले ने निर्मम तरीके से गला रेतकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपी और उसे शरण देने वाले एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। घटना में उपयोग की गई बाइक भी जब्त कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
छात्रा ने शादी से किया इनकार
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मुख्य आरोपी विग्नेश (28) छात्रा का पड़ोसी था और उसने विवाह प्रस्ताव ठुकराए जाने पर गुस्से एवं हताशा में छात्रा की कथित तौर पर हत्या कर दी। छात्रा की यहां रेलवे पटरी के पास गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना 16 अक्टूबर को दोपहर करीब ढाई बजे हुई। जब फार्मेसी प्रथम वर्ष की छात्रा और स्वतंत्र पाल्या निवासी यामिनी प्रिया कॉलेज से घर लौट रही थी, उसी समय घटना को अंजाम दिया गया। विग्नेश कथित तौर पर उसके पास आया और उसने विवाह का प्रस्ताव रखा, लेकिन जब प्रिया ने प्रस्ताव ठुकरा दिया तो उसने उस पर धारदार हथियार से कथित तौर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पीड़िता के घर के पास रहता था आरोपी
पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर श्रीरामपुरा पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार, आरोपी पीड़िता के घर के सामने रहता था और उसके परिवार को जानता था। वह छात्रा पर शादी के लिए दबाव डाल रहा था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने जांच के बाद विग्नेश और उसे कथित तौर पर शरण देने वाले एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। इस अपराध में इस्तेमाल किया गया दोपहिया वाहन भी जब्त कर लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि जांच की जा रही है। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
कानपुर कोर्ट में स्टेनो ने छठी मंजिल से कूदकर दी जान, परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप; मचा हड़कंप
14 साल के बच्चे ने की 5 साल के मासूम की हत्या, बदला लेने के लिए उठाया खौफनाक कदम; लाश के पास बैठा मिला
Latest Crime News