ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे में एक 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले दो नाबालिग छात्रों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर दोस्त की सोने की चेन चुराने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। चेन की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। आरोप है कि आरोपी इस पैसे से जन्मदिन की पार्टी करना और मोटरसाइकिल खरीदना चाहते थे।
पुलिस ने 80 से 90 CCTV फुटेज खंगाली
पुलिस के अनुसार, मृतक 24 सितंबर की शाम करीब 7 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 80 से 90 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शुरुआत में किशोर का कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पुलिस को दोनों नाबालिगों पर शक हुआ। मोबाइल फोन के डेटा की जांच और दोबारा पूछताछ के बाद गुरुवार को एक आरोपी ने कथित तौर पर अपना अपराध कबूल कर लिया।
हत्या के बाद चेहरा कुचला
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने किशोर को सिगरेट पीने के बहाने घोड़बंदर रोड पर ब्रह्मांड फेज-2 के पास एक सुनसान जगह पर बुलाया था। आरोप है कि वहां चाकू से कई वार किए गए और पत्थर से उसका चेहरा कुचल दिया गया। इसके बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस का कहना है कि अगले दिन दोनों आरोपी कथित तौर पर पेट्रोल लेकर दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे और सबूत मिटाने के लिए शव को आग लगा दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने गुरुवार को आधा जला हुआ शव बरामद किया।
दृश्यम 3 फिल्म देखने के बाद बनाई योजना
जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक का मोबाइल फोन तोड़कर चलती बस में फेंक दिया था, ताकि फोन की लोकेशन बदलने से जांच भटक जाए। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों ने हाल ही में फिल्म ‘दृश्यम 3’ देखी थी और कथित तौर पर अपराध की योजना बनाते समय उससे प्रेरणा ली थी। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। (इनपुट- सय्यद नकी हसन)
यह भी पढ़ें-
पत्नी के खाते में ऑनलाइन आ रहे थे रुपये, पति ने चरित्र शंका के चलते की हत्या
Latest Crime News