नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर: उत्तर पूर्वी दिल्ली के मौजपुर इलाके में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक रेस्तरां में अचानक आग लग गई। जाफराबाद मेन रोड स्थित 'उधम फिश प्वाइंट' नाम के रेस्तरां के किचन में आग लगने के बाद अंदर धुआं भर गया, जिससे घबराकर लोग अपनी जान बचाने के लिए बच्चों समेत पहली मंजिल की खिड़की से नीचे कूदने लगे। गनीमत यह रही कि नीचे खड़ी स्थानीय भीड़ ने तत्परता दिखाते हुए लोगों को बचा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई हताहत नहीं हुआ।
किचन के कूड़ेदान से भड़की थी आग
पुलिस और दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे वेलकम थाना क्षेत्र की है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। रेस्तरां मालिक अब्दुल अजीम ने बताया कि आग किचन में रखे कूड़ेदान में लगी थी, जो देखते ही देखते पास में रखी खाद्य तेल की पेटी तक भी फैल गई। रेस्तरां कर्मचारियों ने अग्निशामक सिलेंडर का इस्तेमाल कर आग पर तो तुरंत काबू पा लिया, लेकिन आग बुझने के बावजूद भी इमारत में चारों ओर धुआं भर गया जिसके चलते वहां मौजूद लोग घबरा लग गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दिल दहला देने वाला वीडियो
घटना के वक्त रेस्तरां में करीब 80 लोग मौजूद थे। भूतल पर मौजूद लोग तो तुरंत बाहर निकल गए, लेकिन पहली मंजिल पर फंसे 30-35 लोगों में आग लगने के बाद भगदड़ मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि धुएं से बचने के लिए एक व्यक्ति खिड़की से दो बच्चों को नीचे फेंकता है, जिन्हें नीचे खड़ी भीड़ सुरक्षित पकड़ लेती है। इसके बाद कुछ अन्य लोग भी खिड़की से छलांग लगाते हैं। वीडियो में कुछ लोग खंभे और सीढ़ी के सहारे भी नीचे उतरते नजर आ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि स्थानीय लोगों की समझदारी और तत्परता के कारण इस पूरी घटना में किसी भी ग्राहक या कर्मचारी को चोट नहीं आई है। साथ ही कर्मचारियों ने बताया कि आग की चपेट में भी कोई शख्स नहीं आया है।
(इनपुट- पीटीआई)
ये भी पढ़ें-
दिल्ली के कनॉट प्लेस में 16 अक्टूबर को तिरंगा मार्च निकालेगी CJP, अभिजीत दिपके ने दिया 'लहरा दो तिरंगा' का नारा