A
Hindi News दिल्ली शादी, परीक्षाएं और ऑफिस का आना-जाना, दिल्ली में 4 दिन के लिए रूट डायवर्जन, जाम से बचना है तो पढ़ें खास एडवाइजरी

शादी, परीक्षाएं और ऑफिस का आना-जाना, दिल्ली में 4 दिन के लिए रूट डायवर्जन, जाम से बचना है तो पढ़ें खास एडवाइजरी

दिल्ली में कई सड़कों को आज से अगले 4 दिन के लिए बंद किया जाएगा। इसके चलते लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। इसलिए दिल्ली यातायात पुलिस ने जाम से बचने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन शुरू हो रहा है। ये समिट 16 से 20 फरवरी तक चलेगी। इसको लेकर दिल्ली में कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है। इस आयोजन के चलते वीआईपी आवाजाही और कई मार्गों के बंद होने से शहर के बड़े हिस्से में यातायात ठप्प हो जाएगा। मौजूदा शादी के मौसम और आगामी स्कूल बोर्ड परीक्षाओं के कारण पहले से ही बढ़ रहे यातायात में और भी इजाफा होगा।

दिल्ली की सड़कों से गुजरेगा VVIP का काफिला

रविवार को दिल्ली यातायात पुलिस ने भारत मंडपम, प्रगति मैदान में 16 से 20 फरवरी तक होने वाले शिखर सम्मेलन के लिए खास एडवाइजरी जारी की है। इस समिट में राष्ट्राध्यक्षों, मंत्रियों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों वाले वीआईपी गाड़ियों का काफिला निकलेगा। इसके चलते कई रूट बंद कर दिए जाएंगे।

इन सड़कों पर लगाया जाएगा प्रतिबंध

घर से निकलने से पहले दिल्ली यातायात पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर पढें। रविवार को जारी यातायात सलाह में पुलिस ने कहा कि सेंट्रल दिल्ली के बड़े हिस्से में विशेष रूप से भारत मंडपम के आसपास , साथ ही उन 10  होटलों (8 नई दिल्ली में और 2 दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में) के आसपास प्रतिबंध लगाए जाएंगे, जहां पुलिस के अनुसार विदेशी प्रतिनिधि ठहरेंगे। प्रतिबंधित मार्गों की लिस्ट सामने आई है।

  • मथुरा रोड (सुब्रमण्यम भारती मार्ग टी-प्वाइंट से लोधी रोड फ्लाईओवर) 
  • सुब्रमण्यम भारती मार्ग
  • राजेश पायलट मार्ग
  • तीस जनवरी मार्ग
  • अकबर रोड
  • तीन मूर्ति मार्ग
  • मदर टेरेसा क्रिसेंट
  • सरदार पटेल मार्ग
  • जनपथ
  • फिरोज शाह रोड
  • शांति पथ
  • सत्या मार्ग
  • अफ्रीका एवेन्यू
  • कमल अतातुर्क मार्ग
  • एपीजे अब्दुल कलाम रोड
  • डॉ जाकिर हुसैन मार्ग
  • महात्मा गांधी मार्ग (भीकाजी कामा प्लेस से धौला कुआं)
  • सिकंदर रोड
  • अशोक रोड
  • पृथ्वी राज रोड 
  • कौटिल्य मार्ग
  • पुराना किला रोड 
  • शेर शाह सूरी मार्ग
  • तिलक मार्ग
  • भगवान दास रोड
  • संसद मार्ग
  • बाबा खड़क सिंह मार्ग
  • अरबिंदो मार्ग
  • तुगलक रोड
  • पंचशील मार्ग
  • सैन मार्टिन मार्ग
  • न्याय मार्ग 
  • ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग

सामान्य वाहनों का प्रवेश रहेगा वर्जित

इसके साथ ही रिंग रोड टी-पॉइंट को छोड़कर भैरों मार्ग और दिनेश नंदिनी डालमिया चौक तक मथुरा रोड के हिस्से प्रतिबंधित क्षेत्र में आते हैं, जहां वीआईपी आवाजाही के दौरान सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। पुलिस उपायुक्त (DCP-ट्रैफिक) राजीव कुमार ने कहा, 'गैर-गंतव्य वाहनों को पूर्वी और पश्चिमी परिधीय एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ दिया जाएगा, जबकि आपातकालीन वाहनों को बाधा रहित मार्ग प्रदान किया जाएगा।' 

पूरी तरह से नहीं बंद रहेगी कोई सड़क

इसके बावजूद, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि कोई भी सड़क पूरी तरह से बंद नहीं की जाएगी। हालांकि, मुख्य स्थल भारत मंडपम की ओर और वहां से काफिलों के गुजरने के दौरान यातायात लगभग 30 मिनट तक प्रभावित रहने की आशंका है।

शादी और इन स्कूली बच्चों को हो सकती है दिकक्त

पुलिस ने कहा कि शादी से संबंधित यात्रा और 17 फरवरी से शुरू होने वाली स्कूल बोर्ड परीक्षाओं के कारण स्थिति और बिगड़ सकती है। वीआईपी कॉरिडोर के किनारे स्थित 10 स्कूलों को व्यवधान के प्रति संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है, जिनमें अटल आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल, तिलक मार्ग, किचनर रोड स्कूल, मालचा मार्ग और गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल, पुराना किला रोड शामिल हैं।