1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के 33 सीएम श्री स्कूलों में एडमिशन के लिए होगी प्रवेश परीक्षा, देखें पूरी गाइडलाइंस

दिल्ली के 33 सीएम श्री स्कूलों में एडमिशन के लिए होगी प्रवेश परीक्षा, देखें पूरी गाइडलाइंस

दिल्ली के 75 सीएम श्री स्कूलों में से 33 में छठी से आठवीं क्लास में एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। एडमिशन की पूरी प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत दिशानिर्देश जारी किये गए हैं।

दिल्ली का स्कूल- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO दिल्ली का स्कूल

दिल्ली: दिल्ली के 75 सीएम श्री स्कूलों में से 33 में छठी से आठवीं कक्षा तक में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत दिशानिर्देश जारी किये गए हैं। दिल्ली सरकार ने जानकारी दी है कि शिक्षा निदेशालय शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए सीएम श्री स्कूलों में एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित करेगा। दिल्ली में सीएम श्री स्कूलों का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 को लागू करते हुए आधुनिक बुनियादी ढांचे और नवीन शिक्षण प्रथाओं के साथ मॉडल पब्लिक स्कूलों को बढ़ावा देना है।

जारी किए गए दिशानिर्देशों के अनुसार

  • स्कूलों में एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा और पूरी चयन प्रक्रिया ‘निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता-आधारित होगी।
     
  •  इसमें केवल दिल्ली में रहने वाले और वर्तमान में 2025-26 सत्र के दौरान दिल्ली स्थित किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में छठी से आठवीं कक्षा में नामांकित छात्र ही आवेदन करने के पात्र होंगे।
     
  •  उपलब्ध सीट में से कम से कम 50 प्रतिशत सीट वर्तमान में दिल्ली के सरकारी या सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए आरक्षित होंगी।
     
  • उन स्कलों में शिक्षा निदेशालय (डीओई), एमसीडी, एनडीएमसी के स्कूल, केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय शामिल हैं।
     
  • दिशानिर्देश में यह भी कहा गया है कि सरकारी नीति के अनुरूप, एससी/एसटी/ओबीसी (गैर-क्रीमी लेयर) श्रेणियों और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) से संबंधित विद्यार्थियों को पात्रता अंकों में पांच प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।
     
  • ऑनलाइन आवेदन विंडो 30 जुलाई को खुलेगी और 15 अगस्त तक खुली रहेगी।
     
  • प्रवेश पत्र 23 अगस्त से उपलब्ध कराये जायेंगे, जबकि परीक्षा 30 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे के बीच होगी।
     
  • दिशानिर्देश के अनुसार, परिणाम 10 सितंबर को घोषित किए जाएंगे और प्रवेश प्रक्रिया 15 सितंबर तक पूरी हो जाएगी।
     
  • यह परीक्षा ओएमआर आधारित, वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी और इसमें कोई नकारात्मक अंकन नहीं होगा।
     
  • यह परीक्षा दो भाषाओं में होगी और इसमें पांच प्रमुख खंड - हिंदी, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान, मानसिक योग्यता और संख्यात्मक अभियोग्यता शामिल होंगे।
     
  • परीक्षा की कुल अवधि 150 मिनट होगी। 

    (इनपुट-भाषा)