1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली चुनाव: मिलेगी नौकरी ही नौकरी...केजरीवाल का वादा-अगर जीत गए तो देंगे रोजगार

दिल्ली चुनाव: मिलेगी नौकरी ही नौकरी...केजरीवाल का वादा-अगर जीत गए तो देंगे रोजगार

अरविंद केजरीवाल ने युवाओं से वादा किया है कि अगर इस बार के चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत होती है तो रोजगार मेरी प्राथमिकता होगी। क्या क्या कहा केजरीवाल ने?

अरविंद केजरीवाल का नौकरी का वादा- India TV Hindi
Image Source : PTI अरविंद केजरीवाल का नौकरी का वादा

आम आदमी पार्टी (AAP) सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने युवाओं से वादा किया है कि अगर उनकी पार्टी दिल्ली में दोबारा सत्ता में आती है तो उनकी प्राथमिकता युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना होगा। सोमवार को दिल्ली विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘मैं जो सबसे बड़ा काम करने जा रहा हूं, वह है रोजगार देने का, जो मेरी प्राथमिकता में शामिल है। मैं अपने युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था करूंगा। हमारे युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का वादा है मेरा।’’

आप अपने रिश्तेदारों का फोन कर लीजिए

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने पिछले 10 वर्षों में दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार की उपलब्धियों को बताया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे लोगों को मुफ्त बिजली, पानी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के साथ-साथ सरकारी विद्यालयों की स्थिति में सुधार किया। केजरीवाल ने कहा, “हम मुफ्त बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवा और अच्छी सरकारी शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। आप उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा जैसे भाजपा शासित राज्यों में अपने रिश्तेदारों को फोन करके पूछ सकते हैं कि क्या उनका बिजली बिल जीरो का आता है।’’

घोषणापत्र में किए वादों को दोहराया

केजरीवाल ने वोटरों को आगाह किया और बताया कि यदि वे भाजपा को वोट देंगे तो ये पार्टी मोहल्ला क्लीनिक बंद कर देगी, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा बंद कर देगी और आपको बस टिकट के लिए भी पैसे का भुगतान करना होगा। केजरीवाल ने आप के घोषणापत्र में किए गए अपने वादों को दोहराया जिनमें,‘‘महिला सम्मान योजना’’ के तहत महिलाओं के लिए 2,100 रुपये की मासिक सहायता और ‘‘संजीवनी योजना’’ के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं शामिल हैं।

भाजपा की जमकर आलोचना की

पूर्व सीएम ने दिल्ली में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर भाजपा की आलोचना की और कहा कि, ‘‘भाजपा नेता कभी नहीं बताते कि उन्होंने पिछले 10 वर्षों में दिल्ली के लिए क्या किया है। वे बस मुझे गाली देते हैं। वे मुझे अलग-अलग अपमानजनक नामों से बुलाते हैं। विश्वास नगर से ‘आप’ उम्मीदवार दीपक सिंघला भी इस दौरान मौजूद थे।

(इनपुट-पीटीआई)