1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में कार ने मोटरसाइकिल को मारी जोरदार टक्कर, शादी में जा रहे दो युवकों की मौके पर मौत

दिल्ली में कार ने मोटरसाइकिल को मारी जोरदार टक्कर, शादी में जा रहे दो युवकों की मौके पर मौत

दिल्ली पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया है। हादसे के बाद कार चालक भी घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

दिल्ली में दर्दनाक हादसा हुआ है। जहां एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की जान चली गई। ये दुर्घटना बाहरी उत्तरी दिल्ली के बवाना रोड पर हुई। जहां एक शादी में शामिल होने जा रहे मोटरसाइकिल सवार दो किशोरों को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे उनकी मौत हो गई। 

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान यशोदान (18) और रोहिणी सेक्टर-35 निवासी अंश (18) के रूप में हुई है। ये दोनों  शाहबाद डेयरी के रहने वाले थे। दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 11.40 बजे हुई, जब बवाना की ओर से आ रही कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। 

घायल कार चालक को RML अस्पताल में कराया गया भर्ती

पुलिस के अनुसार, कार चालक की पहचान आकाश (22) के रूप में हुई है, जो कि शाहबाद डेयरी का रहने वाला है। वह एक ऑनलाइन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर काम करता है। पुलिस ने कहा कि कार सवार भी घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए आरएमएल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। 

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

पुलिस ने कहा कि आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281(1) (तेज गति से गाड़ी चलाना) और 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में जांच जारी है। (भाषा के इनपुट के साथ)