A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: भगवंत मान के घर कपूरथला हाउस में दाखिल हुई EC की टीम, नहीं ली जा सकी तलाशी, दरवाजों पर लगे थे ताले

दिल्ली: भगवंत मान के घर कपूरथला हाउस में दाखिल हुई EC की टीम, नहीं ली जा सकी तलाशी, दरवाजों पर लगे थे ताले

आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिल्ली स्थिति घर कपूरथला हाउस की तलाशी लेने के लिए EC की टीम पहुंची है।

Bhagwant Mann, Punjab- India TV Hindi
Image Source : PTI भगवंत मान, सीएम, पंजाब

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग होनी है लेकिन उससे पहले ही यहां का सियासत पूरे उफान पर है। आज जहां बीजेपी ने अपनी सभाओं में आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा वहीं कांग्रेस की रैली में राहुल गांधी के भाषण में भी केजरीवाल और आप निशाने पर रही। इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिल्ली स्थिति घर कपूरथला हाउस की तलाशी लेने के लिए EC की टीम पहुंची। इससे सियासत और गरमा गई।

रुपये बांटने की शिकायत पर पहुंची टीम

चुनाव आयोग के अधिकारी का कहना है कि कैश डिस्ट्रीब्यूट की शिकायत के चुनाव आयोग की टीम यहां पहुंची। सी-विजिल ऐप पर कैश डिस्ट्रीब्यूशन की कंप्लेंट मिली थी कि यहां कैश बांटा जा रहा है। इलेक्शन कमीशन के अधिकारी और दिल्ली पुलिस के अधिकारी कपूरथला हाउस के बाहर खड़े रहे। चुनाव आयोग की टीम द्वारा कपूरथला हाउस को सर्च करने की मांग की जा रही थी। बाद में उन्हें अंदर जाने की इजाजत मिली लेकिन दरवाजों पर ताले लटके रहने के चलते तलाशी नहीं ली जा सकी।

सी-विजिल ऐप पर मिली शिकायत के बाद कपूरथला हाउस पहुंचे निर्वाचन अधिकारी ओपी पांडे ने कहा, "हमें बताया गया कि हम यहां (कपूरथला हाउस) के आसपास की जांच कर सकते हैं। कमरों के दरवाजों पर ताले लगे थे...तलाशी नहीं ली जा सकी।"

भाजपा के इशारे पर पंजाबियों को बदनाम किया जा रहा

पंजाब से सीएम भगवंत मान ने भी सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा- आज दिल्ली पुलिस के साथ चुनाव आयोग की टीम दिल्ली में मेरे घर कपूरथला हाउस रेड करने पहुंची है। दिल्ली के अंदर भाजपा वाले खुले आम पैसे बांट रहे हैं पर दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग को कुछ नहीं दिख रहा है। इस सब पर कोई कार्यवाही नहीं हो रही। एक तरीके से दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर पंजाबियों को बदनाम कर रही है, जो बहुत ही निंदनीय है।

आतिशी ने कहा-दिल्ली वाले 5 तारीख़ को जवाब देंगे

उधर, दिल्ली की सीएम आतिशी ने भी सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर कर रेड की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि दिल्ली पुलिस भगवंत मान जी के घर पर रेड करने पहुंच गई है। भाजपा वाले दिन दहाड़े पैसे, जूते, चद्दर बांट रहे हैं- वो नहीं दिखता। बल्कि एक चुने हुए मुख्यमंत्री के निवास पर रेड करने पहुंच जाते हैं। वाह री भाजपा! दिल्ली वाले 5 तारीख़ को जवाब देंगे!