1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका, पार्टी के ये दो नेता AAP में शामिल

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका, पार्टी के ये दो नेता AAP में शामिल

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कुसुम लता और उनके पति रमेश पहलवान को आम आदमी पार्टी की सदस्यता दिलाई और स्वागत किया। कुसमलता ने कहा कि मैं अपने आप को सौभाग्यशाली समझती हूं कि आज AAP के साथ जुड़ी हूं।

aap, BJP, delhi- India TV Hindi
Image Source : ANI आम आदमी पार्टी में शामिल हुए कुसुम लता और रमेश पहलवान

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के दो नेताओं ने आज आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। कस्तूरबा नगर विधानसभा के कोटला मुबारकपुर वार्ड से बीजेपी पार्षद कुसुम लता आम आदमी पार्टी में शामिल हो गईं। कुसुम लता के साथ ही उनके पति रमेश पहलवान भी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं।

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कुसुम लता और उनके पति रमेश पहलवान को आम आदमी पार्टी की सदस्यता दिलाई और स्वागत किया। कुसमलता ने कहा कि मैं अपने आप को सौभाग्यशाली समझती हूं कि आज AAP के साथ जुड़ी हूं।

वहीं रमेश पहलवान ने कहा कि मेरी आज घर वापसी हो रही है। मैं समझता हूं कि मैं दोबारा से सही जगह आया हूं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की दिल की धड़कन अरविंद केजरीवाल हैं। 

इससे पहले पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता जितेन्द्र सिंह शंटी आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। शहीद भगत सिंह (एसबीएस) फाउंडेशन के अध्यक्ष शंटी को कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान उनके मानवीय प्रयासों के लिए पहचान मिली और उन्हें 2021 में पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया। शंटी, शहीद भगत सिंह सेवा दल के संस्थापक भी हैं। यह एक गैर सरकारी संगठन है जो लावारिस शवों का अंतिम संस्कार तथा उसके बाद के क्रियाकर्म हिंदू एवं सिख परंपराओं के अनुसार करता है। शंटी 2013 से 2015 तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रह चुके हैं।

शंटी से पहले सिविल सेवा कोचिंग शिक्षक और प्रेरक वक्ता अवध ओझा भी आम आदमी पार्टी  में शामिल हुए। ओझा ने कहा कि वह पार्टी की बच्चों के भविष्य पर केंद्रित विचारधारा से जुड़े हैं और उन्होंने शिक्षा के विकास को अपनी सबसे बड़ी महत्वाकांक्षा बताया। ओझा ने केजरीवाल नीत पार्टी में शामिल होने के बाद कहा, ‘‘शिक्षा एक ऐसा माध्यम है, जो हमारे परिवारों की आत्मा, हमारे समाज की संरचना और हमारे राष्ट्र की आधारशिला बनाती है। दुनिया भर के सभी महान राष्ट्रों ने शिक्षा को अपनी प्रगति के आधार के रूप में रखा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मैं अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे राजनीति के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में काम करने का मौका दिया।’’  दिल्ली में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। आप ने 2020 में 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में 62 सीट जीती थी और अब पार्टी लगातार तीसरी बार जीत की उम्मीद कर रही है।