A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में बनी भाजपा की सरकार, पूर्व सीएम आतिशी ने प्रेस को किया संबोधित, कही ये बात

दिल्ली में बनी भाजपा की सरकार, पूर्व सीएम आतिशी ने प्रेस को किया संबोधित, कही ये बात

रेखा गुप्ता दिल्ली के सीएम पद की शपथ ले चुकी हैं। इस बीच दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी प्रेस को संबोधित कर रही हैं। चलिए बताते हैं कि प्रेस में आतिशी ने क्या कुछ कहा है।

BJP government formed in Delhi former CM Atishi addressed the press, said this- India TV Hindi
Image Source : PTI आतिशी ने प्रेस को किया संबोधित

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन चुकी है। रेखा गुप्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। रेखा गुप्ता को उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सीएम पद की शपथ दिलाई है। साथ ही इस दौरान भाजपा के कई अन्य विधायकों ने भी मंत्रिपरिषद की शपथ ली। इस बीच दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही हैं। आतिशी ने कहा कि रेखा गुप्ता और उनके पूरे कैबिनेट को शपथ की बधाई देती हैं। मैं उम्मीद करती हूं कि एक महिला मुख्यमंत्री होने के नाते जो वादे भाजपा ने दिल्ली की महिलाओं से किए हैं, उन वादों को रेखा गुप्ता बखूबी निभाएंगी। 

क्या बोलीं आतिशी

आतिशी ने कहा, 'चुनाव प्रचार के समय पीएम मोदी ने भाजपा के सभी नेताओं ने खुद रेखा गुप्ता ने दिल्ली की महिलाओं को वादा किया कि दिल्ली की हर महिला को 2500 रुपये प्रतिमाह की राशि उनके बैंक के खातों में मिलेगी। उन्होंने क्लीयर कट शब्दों में यह कहा कि जैसे ही कैबिनेट की पहली बैठक होगी, महिलाओं के लिए ढाई हजार रुपये की स्कीम महिलाओं के लिए पास होगी और 8 मार्च को महिलाओं को उनकी पहली किश्त मिल जाएगी।' आतिशी ने कहा कि पीएम मोदी ने अपनी रैली में ये भी कहा कि दिल्ली की सब महिलाएं अपने फोन को अपने खातों से लिंक कर लें। 8 मार्च को उनके पास एसएमएस आ जाए कि उनके खाते में ढाई हजार रुपये जमा हो गए हैं। 

दिल्ली की महिलाओं के है इंतजार

उन्होंने कहा कि आज नई सरकार का शपथ ग्रहण हो गया। रेखा गुप्ता ने पदभार संभाल लिया। आज शाम को 7 बजे दिल्ली सरकार की कैबिनेट की पहली बैठक है। आज दिल्ली की सभी महिलाओं की तरफ से मेरी रेखा गुप्ता से और भाजपा की दिल्ली सरकार से ये मांग है कि आज 7 बजे की कैबिनेट की बैठक में ढाई हजार रुपये प्रतिमाह दिल्ली की हर महिला को जो भाजपा ने वादा किया है, उसको आज शाम की 7 बजे की कैबिनेट में पास किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यही वादा किया। नरेंद्र मोदी ने भी यही वादा किया और रेखा गुप्ता ने भी यही वादा किया। आज दिल्ली की सभी महिलाएं इंतजार कर रही हैं। दिल्ली की सभी महिलाएं इंतजार कर रही हैं कि कैबिनेट की पहली बैठक में ढाई हजार रुपये प्रतिमाह हर महिला को देने की मांग पास होगी। मैं उम्मीद करती हूं कि रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार आज इस वादे को पूरा करेगी।