राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सनसनीखेज मामला सामने आया है। मध्य दिल्ली के नबी करीम इलाके में 28 वर्षीय नवविवाहित महिला का शव बेड के 'बॉक्स' में से मिला है। घटना के बाद से उसका पति फरार है। पुलिस ने बताया कि फरार पति अब मुख्य संदिग्ध है और दहेज उत्पीड़न का आरोप भी सामने आया है। मामले की अधिक जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि यह घटना 8 मई की रात को तब सामने आई, जब लक्ष्मणपुरी इलाके में पुलिस को एक शख्स ने सूचना दी कि उसके किराएदार के कमरे से बदबू आ रही है।
उत्तराखंड की रहने वाली थी मृतका
एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया, 'पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और कमरे में बेड में महिला का सड़ा हुआ शव मिला। लगभग 28 वर्षीय मृतक उत्तराखंड के हल्द्वानी की निवासी थी।' जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला ने 26 अप्रैल को बिहार के वैशाली जिले के निवासी मोहम्मद एजाज से शादी की थी और शादी के कुछ समय बाद ही दंपति लक्ष्मी नगर स्थित घर में रहने लगे थे।
पीड़िता और आरोपी दोनों एक ही समुदाय के
पुलिस ने कहा कि पीड़िता और आरोपी दोनों एक ही समुदाय के थे। हाल में नबी करीम इलाके में साथ रहने आए थे। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'जब शव बरामद हुआ तो पति कमरे में मौजूद नहीं था। उसे अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। नबी करीम थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।'
दहेज उत्पीड़न का है मामला
पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान महिला के पिता ने एजाज और उसके भाई सरफराज पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। आरोपों के बाद सरफराज को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एजाज का पता लगाने के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं।
दंपति के दस्तावेजों की हो रही जांच
पुलिस ने कहा कि कई टीमें गठित की गई हैं और वे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर महिला की मौत से पहले दंपति की गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दंपति के दस्तावेजों की जांच की जा रही है, साथ ही आवास किराये पर लेते समय मकान मालिक को जमा किए गए पहचान पत्रों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही छापेमारी
आरोपियों का पता लगाने के लिए तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'आरोपी से जुड़े कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है, जिनमें उसके रिश्तेदारों के घर और पैतृक स्थान शामिल हैं।'
आरोपी कि गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
उन्होंने कहा कि मृतक महिला और आरोपी दोनों के परिवारवालों से शादी के बाद की घटनाओं का क्रम जानने और दहेज उत्पीड़न के आरोपों की पुष्टि करने के लिए पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि जांचकर्ताओं को आरोपी की गतिविधियों और छिपने के संभावित स्थानों के बारे में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।