BRICS समिट को लेकर दिल्ली में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। BRICS को लेकर विदेशी मेहमान जिस रूट से नई दिल्ली के होटल्स में जाएंगे, उसमें तुगलक रोड, अशोक रोड, अकबर रोड और मान सिंह रोड शामिल हैं। ये सभी महत्वपूर्ण रोड्स पूरी तरह हाई डेफिनेशन कैमरों से कैप्चर की गई हैं। करीब 500 सीसीटीवी कैमरों से ये रूट्स कैप्चर हैं। साथ ही, तुगलक रोड थाने के अंदर ये सीसीटीवी कंट्रोल रूम बनाया गया है।
BRICS समिट में क्या-क्या होगा?
बता दें कि ब्रिक्स सम्मेलन, नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 सितंबर को शुरू होगा। पहले दिन औपचारिक स्वागत के साथ क्लोज डोर मीटिंग होगी। उसी रात को सभी मेहमानों के लिए गाला डिनर रखा गया है। दूसरे दिन यानी 13 सितंबर को सुबह समिट की औपचारिक बैठक होगी। इस बार की थीम है लचीलापन, स्टार्टअप, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के भी समिट में शामिल होने की उम्मीद है।
रूस के साथ बड़ी डील होने की उम्मीद
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी भारत पहुंचेंगे। पुतिन की प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत होगी। माना जा रहा है कि भारत-रूस के बीच कई बड़ी डील फाइनल हो सकती हैं। भारत-रूस के बीच SU-57 फाइटर जेट खरीदने पर समझौता हो सकता है। ज्वाइंट डिफेंस प्रोडक्शन पर बड़ा ऐलान होने की उम्मीद है। साथ ही, क्रूड ऑयल की खरीद पर भी दोनों के बीच बातचीत होना तय है।
दिल्ली पुलिस कर रही हर इलाके की माइक्रो मॉनिटरिंग
गौरतलब है कि दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर जबरदस्त तैयारियां चल रही हैं। 12 और 13 सितंबर को पूरी दुनिया की नजरें नई दिल्ली पर होंगी। ऐसे में दिल्ली पुलिस कोई रिस्क नहीं लेना चाहती क्योंकि दुनिया भर के ताकतवर नेता दिल्ली में होंगे। ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर दिल्ली पुलिस ने जबरदस्त बंदोबस्त किए हैं। हर इलाके की माइक्रो मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस ने दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया है।
हवाई गतिविधियों पर भी रहेगी पुलिस की नजर
भारत मंडपम के आसपास 3 हजार एडवांस वीडियो एनालिटिक्स सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। 30 से अधिक स्पेशल कंट्रोल रूम से राउंड द क्लॉक निगरानी की जा रही है। दिल्ली पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्सेज के 25 से 30 हजार जवान तैनात किए गए हैं। नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली की हजारों इमारतों पर स्नाइपर्स की तैनाती भी की गई है। एंटी ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं और हवाई एक्टिविटीज पर भी नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें- BRICS सम्मेलन 2026: 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली में ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट, घर से निकलने से पहले जान लें नई एडवाइजरी