गुरुग्राम से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक कैब ड्राइवर ने न केवल एक सड़क हादसे को अंजाम दिया, बल्कि मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम की सड़कों पर एक तेज रफ्तार कैब ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गया। इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के मधुबनी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर दुर्घटना में इस्तेमाल कैब भी जब्त कर ली है और उस पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस से हाथापाई करने और लापरवाही से वाहन चलाने समेत कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला
इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। लेकिन जैसे ही पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को रोकने और पूछताछ करने की कोशिश की, आरोपी ने अपना आपा खो दिया। आरोप है कि उसने न केवल पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की, बल्कि उन पर हाथ भी उठा दिया। एक पुलिसकर्मी को मुक्का मारने का भी गंभीर आरोप उस पर लगा है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बिहार के मधुबनी निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटना में इस्तेमाल की गई कैब को भी अपने कब्जे में ले लिया है। गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस के साथ हाथापाई करने और लापरवाही से वाहन चलाने सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस मामले पर जानकारी देते हुए ACP नवीन शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। गुरुग्राम की सड़कों पर लगातार हो रही इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
(गुरुग्राम से गोहित कौशिक की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें:
दिल्ली में मकान बेचने के विवाद पर व्यक्ति की हथौड़े से पीटकर की हत्या, झाड़ियों में मिला शव, दो गिरफ्तार