A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में कैब ड्राइवर की पार्क में मिली लाश, दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में कैब ड्राइवर की पार्क में मिली लाश, दो आरोपी गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली के किशनगढ़ इलाके में एक युवक का शव मिला है। युवक की पहचान कैब ड्राइवर के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

कैब ड्राइवर की पार्क में मिली लाश।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE कैब ड्राइवर की पार्क में मिली लाश।

नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के किशनगढ़ इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सोमवार सुबह एक पार्क में 23 वर्षीय कैब चालक मृत अवस्था में पाया गया। उसके शरीर पर चाकू से वार के कई जख्म थे। पुलिस ने सोमवार को इस घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 

पार्क में मिला शव

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब छह बजे पार्क में सैर करने वालों ने घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो नितेश खत्री नाम के युवक का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला। एक अधिकारी ने बताया कि मृतक के शरीर पर कान, पेट और अन्य हिस्सों के पास चाकू के घाव थे। 

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि हत्या के सिलसिले में दो व्यक्तियों मोहित महलावत और लकी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों 23 वर्षीय बेरोजगार हैं। पुलिस के अनुसार नितेश और दोनों आरोपियों के बीच मनमुटाव था। उसने बताया कि करीब ढाई साल पहले, एक झगड़े के दौरान, नितेश और उसके साथियों ने मोहित और लकी की पिटाई की थी और उन्हें अपमानित किया था। हालांकि उस समय कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी, लेकिन इस घटना से दोनों आरोपी रंजिश रखते थे। 

पुरानी रंजिश में की हत्या

अधिकारी ने बताया कि 26 अक्टूबर को दोनों ने पार्क के पास नितेश को रोका और उस पर चाकू से हमला कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हत्या के पीछे का मकसद बदला लेना था। आरोपी मृतक के साथ पहले हुए एक विवाद को लेकर लंबे समय से रंजिश रखते थे।’’ पुलिस ने चाकू बरामद कर लिए हैं और आरोपियों के खून से सने कपड़े तथा नितेश का मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिया है। अधिकारी ने बताया, ‘‘नितेश से बदला लेने के लिए मोहित और लकी ने हत्या की योजना बनाई थी। उसकी हत्या करने के बाद, वे मौके से भाग गए, लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही उनका पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।’’ (इनपुट- पीटीआई) 

यह भी पढ़ें-

उत्तराखंड में भूकंप के जोरदार झटके, घरों से बाहर निकले लोग; जानें कितनी रही तीव्रता

चंद मिनटों में पार कर दी धनतेरस पर खरीदी नई स्कॉर्पियो, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात