A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से केबल चोरी की कोशिश, पूरे दिन प्रभावित रही सेवा, रात में होगा मरम्मत का काम

एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से केबल चोरी की कोशिश, पूरे दिन प्रभावित रही सेवा, रात में होगा मरम्मत का काम

चोरों ने केबल काट जरूर ली थी, लेकिन वह इसे चोरी करके ले नहीं जा पाए। हालांकि, इस वजह से रविवार को पूरे दिन मेट्रो सेवाएं प्रभावित रहीं। डीएमआरसी ने रात के समय मरम्मत कार्य करने का फैसला किया है।

Cable- India TV Hindi
Image Source : X/DMRC चोरों ने दिल्ली मेट्रो की केबल काट दीं

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से चोरों ने केबल की तार चोरी करने की कोशिश की। डीएमआरसी ने एक रिपोर्ट में बताया कि धौला कुआं मेट्रो स्टेशन और शिवाजी स्टेडियम स्टेशन के बीच सिग्नलिंग केबलों की चोरी की कोशिश की गई। इस वजह से केबल को नुकसान हुआ और रविवार सुबह से ही एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं। 

डीएमआरसी के अनुसार, दोनों स्टेशनों के बीच चोरों ने लगभग 800 मीटर सिग्नलिंग केबल को नुकसान पहुंचाया था। चोरी के प्रयास के दौरान केबल काट दिए गए थे, लेकिन चोर कटे हुए हिस्सों को नहीं ले जा सके। जांच के दौरान केबल के कटे हुए हिस्से मेट्रो पिलर 9 के पास मिले। केबल चोरी के कारण सिग्नलिंग सिस्टम बाधित हो गया, जिसके चलते नई दिल्ली की ओर जाने वाली अप लाइन पर धौला कुआं और शिवाजी स्टेडियम स्टेशनों के बीच ट्रेनें 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रहीं। 

रात में होगा मरम्मत का काम

एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के शेष हिस्से पर सामान्य ट्रेन सेवाएं उपलब्ध हैं। डीएमआरसी ने कहा कि एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर ट्रेनें सामान्यतः हर 10 मिनट में चलती हैं। इस दौरान सिग्नलिंग केबलों को बदलने से यात्री सेवाओं पर असर पड़ेगा। असुविधा को कम करने के लिए, मरम्मत का काम रात में किया जाएगा। रात्रिकालीन मरम्मत के लिए दिन में तैयारी और योजना का काम चल रहा है। यात्रियों को सूचित रखने के लिए, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित घोषणाएं की जाती हैं। 

केबल चोरी की समस्या सुलझाने में जुटी डीएमआरसी

डीएमआरसी की तरफ से कहा गया कि यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं, क्योंकि यात्रा का समय थोड़ा लंबा हो सकता है। डीएमआरसी ने केबल चोरी की घटनाओं के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया और कहा कि वह इस मुद्दे को सुलझाने के लिए कानून और व्यवस्था अधिकारियों के संपर्क में है।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में 14 करोड़ की साइबर ठगी, बुजुर्ग दंपति को 2 हफ्ते से ज्यादा समय तक रखा डिजिटल अरेस्ट

दिल्ली के शालीमार बाग में महिला की गोली मारकर हत्या, पति का कुछ साल पहले हुआ था मर्डर