A
Hindi News दिल्ली दिल्ली पुलिस के ASI ने ली 15 हजार रुपये की घूस, फंसाने की दे रहा था धमकी, CBI ने रंगे हाथों पकड़ा

दिल्ली पुलिस के ASI ने ली 15 हजार रुपये की घूस, फंसाने की दे रहा था धमकी, CBI ने रंगे हाथों पकड़ा

CBI ने दिल्ली पुलिस के पश्चिम विहार थाने में तैनात ASI को 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ASI पर एक शख्स को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का आरोप है।

Delhi Police ASI arrested, CBI trap case, police bribery India- India TV Hindi Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL CBI ने दिल्ली पुलिस के ASI को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

Delhi Police ASI Arrested: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी कि CBI ने दिल्ली पुलिस के एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह ASI पश्चिम विहार पुलिस स्टेशन में तैनात था और शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथों पकड़ा गया। CBI की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, यह मामला 7 फरवरी 2026 को दर्ज किया गया था। आरोपी ASI पर आरोप था कि उसने शिकायतकर्ता के भाई को जमानत दिलवाने के बदले 25000 रुपये रिश्वत मांगी थी।

हिरासत में लिया गया आरोपी एएसआई

प्रेस रिलीज में CBI ने कहा है कि आरोपी ASI ने साथ ही धमकी दी थी कि अगर रिश्वत नहीं दी गई तो शिकायतकर्ता के भाई को अन्य मामलों में फंसाया जाएगा। बाद में बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 15000 रुपये पर तय हुई। CBI ने 7 फरवरी को ही जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। CBI ने बताया कि आरोपी पुलिस अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

बता दें कि दिल्ली पुलिस के अधिकारियों पर रिश्वत के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। पिछले साल नवंबर में CBI ने रिश्वतखोरी के 2 अलग-अलग मामलों में दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर और एक ASI को गिरफ्तार किया था। इनमें कृष्णा नगर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर नितिन मीणा को 30,000 रुपये रिश्वत लेते हुए और हर्ष विहार थाने के ASI बुद्ध पाल को 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। बता दें कि ऐसे मामले कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हैं और आम लोगों का पुलिस पर भरोसा कम करते हैं।