सीएम रेखा गुप्ता ने 500 नई EV बसों को दिखाई हरी झंडी, दिल्ली सरकार के एक साल पूरा होने पर जनता को बड़ी सौगात
सीएम रेखा गुप्ता ने 500 नई EV बसों को हरी झंडी दिखाई है। इस दौरान दिल्ली सरकार के सभी मंत्री और राष्ट्रीय बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार के एक साल पूरे हो गए हैं। दिल्ली के रामलीला मैदान में आज इसको लेकर खास आयोजन किया गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने आज DTC की 500 नई EV बसों को हरी झंडी दिखाई है। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे। साथ ही दिल्ली सरकार के सभी मंत्रियों ने इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई है।
दिल्ली में ई बसों की संख्या हुई 4000
इन बसों के शामिल होने के साथ दिल्ली की ई-बस फ्लीट की कुल संख्या बढ़कर 4000 हो जाएगी, जिससे दिल्ली देश में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक बसों वाला शहर बन जाएगा। ये नई इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) के बेड़े में शामिल की गई हैं।
11 सालों में दिल्ली विकास में रह गई पीछे- सीएम रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, 'ग्यारह सालों तक दिल्ली विकास में पीछे रह गई। दिल्ली के लोगों की उम्मीदें और सपने खत्म हो गए। दिल्ली ने विकास के सपने देखना बंद कर दिया था। दिल्ली के लोग पानी, सीवेज और हेल्थकेयर जैसी बेसिक सुविधाओं के लिए तरस रहे थे। लेकिन 2025 के विधानसभा चुनावों में, दिल्ली के लोगों ने उन लोगों को करारा जवाब दिया जो खुद को दिल्ली का मालिक समझते थे।'
सीएम गुप्ता ने केजरीवाल पर बोला तीखा हमला
आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए सीएम ने कहा, 'घमंडी केजरीवाल कहता था, "मुझे हराने के लिए तुम्हें दोबारा जन्म लेना पड़ेगा।" लेकिन दिल्ली के लोगों ने इसी जन्म में इसी रामलीला मैदान में बीजेपी सरकार बनाकर दिल्ली का माहौल बदल दिया। दिल्ली के लोगों ने दिखा दिया कि अगर वे किसी को प्यार और स्नेह से सत्ता की कुर्सी पर बिठा सकते हैं, तो उन्हें नीचे लाना भी जानते हैं।'
250 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत
सीएम गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार द्वारा शालीमार बाग विधानसभा में पिछले एक साल में 250 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। आज स्थानीय लोगों के साथ क्षेत्र में हो रहे कामों का रिपोर्ट कार्ड साझा किया गया है।
'स्वच्छ दिल्ली, हरित दिल्ली' का विजन
दिल्लीवासियों के लिए इलेक्ट्रिक बसें बड़ी राहत लेकर आई है। राजधानी में बढ़ती ई-बसें न केवल हवा की गुणवत्ता सुधारेंगी बल्कि यात्रा को अधिक सुगम और किफायती भी बना रही हैं। दिल्ली सरकार का यह प्रयास 'स्वच्छ दिल्ली, हरित दिल्ली' के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रहा है।