A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. बड़ी खतरनाक है ये सिगरेट, पीने को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प, देखते ही देखते चल गई गोली, 2 अस्पताल में भर्ती

बड़ी खतरनाक है ये सिगरेट, पीने को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प, देखते ही देखते चल गई गोली, 2 अस्पताल में भर्ती

सिगरेट पीने को लेकर जब बवाल बढ़ा तो दोनों गुटों ने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया और मारपीट होने लगी। तभी किसी ने वहां गोली चला दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC सांकेतिक तस्वीर

दिल्ली में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मध्य दिल्ली के पटेल नगर इलाके में सिगरेट पीने को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। इसमें एक व्यक्ति को गोली लग गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बुधवार रात प्रेम नगर में दो स्थानीय लोगों के बीच हुई बहस के हिंसक रूप लेने के बाद घटी। 

मौके पर पहुंची पुलिस की टीम

पुलिस के अनुसार, इलाके से झगड़े और गोलीबारी को लेकर पुलिस नियंत्रण कक्ष (PCR) को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान पता चला कि मुकेश अपने दोस्त शिव कुमार के साथ खाना खा रहा था, तभी उसी इलाके में रहने वाले एक अन्य समूह का सदस्य दीपक पास में ही सिगरेट पी रहा था। 

हिंसक झड़प के बीच चली गोली

सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुकेश ने दीपक के पास में सिगरेट पीने पर आपत्ति जताई, जिसके चलते दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। उन्होंने कहा, 'इसके तुरंत बाद, दोनों पक्षों ने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों को बुलाया और दोनों समूहों से लगभग चार-पांच लोग मौके पर जमा हो गए। बहस बाद में हिंसक झड़प में बदल गई जिस दौरान एक गोली भी चली।' 

एक के पैर में लगी गोली

मुकेश के रिश्तेदार हर्ष को पैर में गोली लगी, जबकि दीपक और उसके दोस्त अंगद झड़प में घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और वे खतरे से बाहर हैं। 

मामले में दर्ज हुई FIR

पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायतें दी है जिनपर प्राथमिकियां दर्ज की जा रही हैं। पुलिस ने कहा कि गोली किसने चलाई, इसका पता लगाने और पिस्तौल बरामद करने के प्रयास जारी हैं।