1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 'माई भारत यूथ कन्वेंशन' कार्यक्रम में शामिल हुईं CM रेखा गुप्ता, बोलीं- "आपकी सफलता ही विकसित भारत की सफलता"

'माई भारत यूथ कन्वेंशन' कार्यक्रम में शामिल हुईं CM रेखा गुप्ता, बोलीं- "आपकी सफलता ही विकसित भारत की सफलता"

'Youth for Viksit Bharat: MY Bharat Youth Convention’ कार्यक्रम में शामिल हुईं सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आपकी सफलता ही विकसित भारत की सफलता है।

Delhi CM Rekha Gupta- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को 'Youth for Viksit Bharat: MY Bharat Youth Convention’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने शिरकत की। इस सम्मेलन में देशभर से आए 6,000 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। इनमें छात्र, युवा प्रोफेशनल्स, महिलाएं, उद्यमी , कंटेंट क्रिएटर्स और कई क्षेत्रों के उभरते हुए सितारे शामिल थे।

इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत के युवा बेहद मेहनती, साहसी और रचनात्मक हैं। खेल से लेकर बिजनेस और कला तक, युवा हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

"युवाओं का उत्साह ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति" 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यहां हजारों की संख्या में उपस्थित युवाओं का उत्साह ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। आज सम्मानित हुई सभी युवा प्रतिभाओं को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आपको जो अवसर और मंच दिए हैं, उन्हें अपनी प्रतिभा, परिश्रम और इनोवेशन से नई उपलब्धियों में बदलना है। आपकी सफलता ही विकसित भारत की सफलता है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है। देश की लगभग 65% आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है। उन्होंने कहा, "युवा हमारी ताकत, हमारा गौरव और हमारा भविष्य हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए स्टार्टअप, खेल, पब्लिक सर्विस और बिजनेस जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के बेमिसाल मौके बने हैं। साल 2047 तक भारत को एक विकसित और आत्मनिर्भर देश बनाने का सपना युवाओं के दम पर ही पूरा होगा।"

कई जानी-मानी हस्तियां पहुंचीं

विक्रांत मैसी (अभिनेता): उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था कितनी तेजी से आगे बढ़ रही है।

अमन गुप्ता (BoAt के को-फाउंडर): उन्होंने भारत को दुनिया की 'स्टार्टअप कैपिटल' बनाने के लिए सरकारी प्रयासों और बिजनेस के अवसरों पर बात की।

जितेश शर्मा (भारतीय क्रिकेटर): उन्होंने “प्ले इन इंडिया, प्ले फॉर इंडिया” थीम पर अपने अनुभव साझा किए और युवा खिलाड़ियों को देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

सम्मेलन के दौरान खेल के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले देश के उभरते हुए खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। युवा मामलों की सचिव पल्लवी जैन गोविल ने भी इस मौके पर युवाओं को लगातार देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का अंत 'विकसित भारत संकल्प' के साथ हुआ, जहां सभी युवाओं ने मिलकर साल 2047 तक भारत को एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और मजबूत देश बनाने की शपथ ली।