A
Hindi News दिल्ली दिल्लीः होली पर युवक की हत्या करने वालों को मिलेगी कड़ी सजा, बोलीं- सीएम रेखा गुप्ता, पुलिस ने FIR में जोड़ी SC/ST एक्ट की धारा

दिल्लीः होली पर युवक की हत्या करने वालों को मिलेगी कड़ी सजा, बोलीं- सीएम रेखा गुप्ता, पुलिस ने FIR में जोड़ी SC/ST एक्ट की धारा

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने मृतक के परिवार को भरोसा दिलाया कि सात लोग पुलिस हिरासत में हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता- India TV Hindi Image Source : ANI दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता। फाइल

नई दिल्लीः दिल्ली के उत्तर नगर में होली पर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर में SC/ST एक्ट की धारा और जोड़ दी है। दिल्ली पुलिस ने शुरुआत में, 'गैर इरादतन हत्या' के तहत केस दर्ज किया गया था। बाद में इसमें हत्या का चार्ज भी जोड़ दिया गया था। पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। 

दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा

वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट शेयर किया। रेखा गुप्ता ने कहा कि होली के पावन पर्व पर दिल्ली के उत्तम नगर में युवक की जघन्य हत्या की घटना अत्यंत दर्दनाक, निंदनीय और पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में इस प्रकार की जघन्य आपराधिक और हिंसक घटनाओं के लिए शून्य सहनशीलता की नीति है। इस तरह की दरिंदगी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए गए हैं कि इस अपराध में शामिल सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस मामले में सख़्त और उदाहरणात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी अमानवीय घटना करने का दुस्साहस न कर सके। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पूरी संवेदना, जिम्मेदारी और दृढ़ता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मैं परिवार को हर संभव सहायता और न्याय दिलवाने के लिए कार्रवाई करूंगी। तरुण के परिवार ने अपना जवान बेटा खोया है, उनके दुःख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। 

आरोपियों का एनकाउंटर करने की मांग 

वहीं, उत्तम नगर इलाके में होली के मौके पर हुई झड़प में अपने भाई तरुण कुमार की मौत के बाद मृतक के बड़े भाई अरुण कुमार ने आरोपियों की एनकाउंटर की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ यह कह रही है कि गिरफ्तारियां हुई हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक गिरफ्तारी का कोई सबूत नहीं दिया है। इस घटना में कम से कम 20-25 लोग शामिल थे।