दिल्ली के बजट में महिलाओं से लेकर बेटियों तक किस वर्ग के लिए क्या-क्या है? जानें बजट से जुड़ी बड़ी घोषणाएं
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज दिल्ली का बजट पेश किया। यह बजट 1,03,700 करोड़ का है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली का बजट पेश किया। सुबह 10 बजे CM के घर पर कैबिनेट की मीटिंग हुई, जिसमें बजट को पास किया गया। इसके बाद 10.40 बजे विधानसभा में फोटो ऑपर्चुनिटी हुआ। सुबह 11 बजे से बजट भाषण शुरू हुआ। इस बार का बजट ग्रीन बजट है। इस बार बजट में दिल्ली की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक वायु प्रदूषण को कम करने पर सबसे ज्यादा जोर दिया जा रहा है। इस बार दिल्ली का बजट 1,03,700 करोड़ का है। बता दें कि रेखा गुप्ता दूसरी बार दिल्ली का बजट पेश कर रही हैं।
रेखा गुप्ता ने रखी खीर सेरेमनी
बता दें कि इससे पहले सोमवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रभु श्री राम, माता सीता और मां लक्ष्मी को खीर का भोग लगाकर पारंपरिक ‘खीर सेरेमनी’ के साथ दिल्ली सरकार के दूसरे बजट सत्र की शुरुआत की थी। इस अवसर पर डॉक्टरों, किन्नर समुदाय, किसानों, स्कूल की बालिकाओं, मंत्रियों और विधायकों को खीर परोसी गई, जो बजट की दिशा और विजन तय करने वाली समावेशी भावना को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली का हर वर्ग विकास यात्रा का सहभागी है। यह परंपरा हमारी सांस्कृतिक सोच का प्रतीक है, जहां समृद्धि का अर्थ केवल संसाधनों की वृद्धि नहीं, बल्कि हर व्यक्ति तक अवसरों का विस्तार है।
यह भी पढ़ें-
पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच बड़े पैमाने पर तबादला, 73 रिटर्निंग ऑफिसरों का ट्रांसफर
Live updates : Delhi Budget Live
-
March 24, 2026 1:10 PM (IST) Posted by Amar Deep
पर्यावरण विभाग के लिए 822 करोड़ का बजट
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि इस बार पर्यावरण विभाग का बजट 822 करोड़ किया गया है। यह पिछले साल 505 करोड़ रुपये का था।
-
March 24, 2026 1:04 PM (IST) Posted by Amar Deep
बनाया जाएगा दिल्ली सदन
दिल्ली में जिस तरह से दूसरे राज्यों के सदन बने हुए हैं, उसी तरह दिल्ली सदन भी बनाया जाएगा।
-
March 24, 2026 1:01 PM (IST) Posted by Amar Deep
ड्रोन पॉलिसी बनाएगी दिल्ली सरकार
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है कि उनकी सरकार दिल्ली के लिए ड्रोन पॉलिसी बनाएगी। इसके अलावा दिल्ली टूरिज्म डिपार्टमेंट का बजट 121 करोड़ से बढ़ाकर अब 412 करोड़ कर दिया गया है। वहीं पूरी दिल्ली में 1000 नए टॉयलेट ब्लॉक बनाए जाएंगे।
-
March 24, 2026 12:55 PM (IST) Posted by Amar Deep
इमरजेंसी ऑपरेशन सेन्टर का निर्माण
डिजास्टर मैनेजमेंट के तहत दिल्ली में इमरजेंसी ऑपरेशन सेन्टर बनाया जाएगा। इसका निर्माण 5 श्यामनाथ मार्ग पर किया जाएगा।
-
March 24, 2026 12:45 PM (IST) Posted by Amar Deep
महिला सुरक्षा के लिए 50 करोड़ का बजट
महिला सुरक्षा के लिए सड़कों की सुरक्षा पर 50 करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया है। दिल्ली सरकार स्कूलों में छात्राओं के लिये 2. 5 करोड़ सेनेटरी नेपकिन देंगे।
-
March 24, 2026 12:45 PM (IST) Posted by Amar Deep
ईवी पॉलिसी लेकर आई दिल्ली सरकार
दिल्ली के लिए ईवी पॉलिसी लाई गई है। दिल्ली को पॉल्यूशन फ्री करने के लिए सरकार यह पॉलिसी लेकर आ रही है।
-
March 24, 2026 12:44 PM (IST) Posted by Amar Deep
बुजुर्गों के लिए वयो आनंद योजना
दिल्ली सरकार बुजुर्गों के लिए वयो आनंद योजना ला रही है। इसके लिए 25 करोड का बजट का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा झुग्गियों के विकास के लिए 635 करोड़ का बजट रखा है। दिल्ली में महिलाओं को बस में फ्री में यात्रा करने के लिए 450 करोड़ का बजट रखा गया है।
-
March 24, 2026 12:39 PM (IST) Posted by Amar Deep
समाज कल्याण विभाग के लिए 2392 करोड़
दिल्ली सरकार ने बजट में 2392 करोड़ का प्रावधान समाज कल्याण विभाग के लिए किया गया है। इसके अलावा SC- ST कल्याण के लिए अलग से 227 करोड़ का बजट रखा गया है।
-
March 24, 2026 12:36 PM (IST) Posted by Amar Deep
गिग वर्कर्स के लिए दो ऐलान
गिग वर्कर्स के लिए रेस्ट रूम बनाया जाएगा। इसमें गिग वर्कर्स के लिए भोजन और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा होगी। इसके अलावा गिग वेलफेयर बोर्ड का गठन किया जाएगा।
-
March 24, 2026 12:33 PM (IST) Posted by Amar Deep
महिलाओं और ट्रांसजेंडर के लिए ई-ऑटो परमिट
दिल्ली सरकार ने बजट में महिलाओं के लिए 1000 ई-ऑटो और ट्रांसजेंडरों के लिए 100 ई-ऑटो के नए परमिट देने का ऐलान किया है। ये परमिट महिलाओं और ट्रांसजेंडरों के नाम पर ही होगी और वही इसे चलाकर अपने पैरों पर खड़ी हो सकेंगी।
-
March 24, 2026 12:32 PM (IST) Posted by Amar Deep
लखपति बिटिया योजना के लिए 128 करोड़
दिल्ली में लखपति बिटिया योजना के लिए सरकार ने 128 करोड़ का बजट रखा है। इसके अलावा सरकार ने दिल्ली में महिला हाट खोलने का ऐलान किया है। दिल्ली हाट के लिए बजट में 10 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
-
March 24, 2026 12:23 PM (IST) Posted by Amar Deep
होली-दिवाली पर फ्री सिलेंडर
होली और दिवाली पर दिल्ली की महिलाओं को एक-एक सिलेंडर फ्री में देने का प्रावधान किया गया है।
-
March 24, 2026 12:22 PM (IST) Posted by Amar Deep
रेलवे में 52 नए रिफार्म
सीएम रेखा गुप्ता ने बजट पेश करते हुए कहा कि इस साल हमें रेलवे में 52 नए रिफार्म करने हैं, जिसमें से 9 हम कर चुके हैं।
-
March 24, 2026 12:14 PM (IST) Posted by Amar Deep
दिल्ली में बनेंगे स्पोर्ट्स हॉस्टल
सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली में स्पोर्ट्स हॉस्टल बनाए जाने का ऐलान किया है।
-
March 24, 2026 12:10 PM (IST) Posted by Amar Deep
शिक्षा विभाग के लिए 19148 करोड़ रुपये
दिल्ली सरकार ने शिक्षा विभाग के लिए 19148 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस बार के बजट में 200 करोड़ स्कूल के भवन और 275 करोड़ स्कूल भवन के विस्तार के लिए रखा गया है।
-
March 24, 2026 12:09 PM (IST) Posted by Amar Deep
मेरिट के आधार पर 10वीं पास बच्चों को लैपटॉप
दिल्ली में बेटों-बेटियों के लिए 10वीं क्लास की मेरिट के आधार पर दिल्ली सरकार लैपटॉप देगी। इसके लिए 10 करोड़ का बजट रखा गया है।
-
March 24, 2026 12:08 PM (IST) Posted by Amar Deep
बेटियों के लिए साइकिल उपहार की नई योजना
सीएम रेखा गुप्ता दिल्ली की बेटियों के लिए योजना लेकर आईं। इस बार के बजट में 9वीं क्लास की हर बेटी को एक साइकिल उपहार देने का ऐलान किया गया है। इसके लिए 90 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
-
March 24, 2026 12:05 PM (IST) Posted by Amar Deep
GTB हॉस्पिटल में नया ट्रॉमा सेंटर
सीएम रेखा गुप्ता ने बजट का ऐलान करते हुए कहा कि GTB हॉस्पिटल में नया ट्रॉमा सेंटर खुलेगा। इसके साथ ही दिल्ली में मेडिकल सीट को बढ़कर UG में 820 और PG में 762 सीट कर दिया जायेग। ये केंद्र की मदद से किया जाएगा।
-
March 24, 2026 12:04 PM (IST) Posted by Amar Deep
750 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर
सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली में 750 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जाने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि अभी दिल्ली में 350 आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहले से हैं।
-
March 24, 2026 12:03 PM (IST) Posted by Amar Deep
अनमोल योजना का ऐलान
सीएम रेखा गुप्ता ने अनमोल योजना का ऐलान किया है। इसमें सरकार ने 25 करोड़ रुपये का फंड रखा है। इस योजना के तहत नवजात की 56 प्रकार की टेस्टिंग सरकार की ओर से निशुल्क की जाएगी।
-
March 24, 2026 12:02 PM (IST) Posted by Amar Deep
ट्रांसजेंडर्स को भी मिलेगा जन आरोग्य योजना का लाभ
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि PM जन आरोग्य योजना में अभी 7.5 लाख लाभार्थी है। हालांकि अब दिल्ली के ट्रांसजेंडर्स को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
-
March 24, 2026 11:57 AM (IST) Posted by Amar Deep
स्वास्थ्य विभाग के लिए 12746 करोड़ रुपये
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने हेल्थ सेक्टर के बजट की घोषणा करते हुए कहा कि इस बार के बजट में स्वास्थ्य विभाग को 12746 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है।
-
March 24, 2026 11:56 AM (IST) Posted by Amar Deep
वाटर लॉगिंग, फ्लड प्रोटेक्शन और इरिगेशन डिपार्टमेंट के लिए ऐलान
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 475 करोड़ रुपये का प्रावधान इस बार के बजट में किया है। इसके अलावा दिल्ली में वाटर लॉगिंग के समाधान के लिए नया ड्रेनेज मास्टर प्लान लाया गया है। दिल्ली में 610 करोड़ का बजट वाटर लॉगिंग से निपटारा पाने के लिए इरिगेशन डिपार्टमेंट को दिया गया है। वहीं 50 करोड़ की लागत से फ्लड प्रोटेक्शन वॉल बनाने का निर्णय लिया गया है।
-
March 24, 2026 11:52 AM (IST) Posted by Amar Deep
धूल रहित सड़कों के लिए बड़ी घोषणा
दिल्ली में धूल रहित सड़कों के लिए बजट में 1,352 करोड़ रुपये का प्रस्ताव किया गया है। इसके साथ ही सड़कों के सुधार के वास्ते एमसीडी को 1,000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।
-
March 24, 2026 11:51 AM (IST) Posted by Amar Deep
तारों को अंडर ग्राउंड करने के लिए 200 करोड़ का प्रावधान
दिल्ली में बिजली की तारों को अंडर ग्राउंड करने के लिए इस बार के बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं फायर डिपार्टमेंट के बजट को इस बार बढ़ाकर 674 करोड़ कर दिया गया है, पिछले साल यह 540 करोड़ था। वहीं दिल्ली जल बोर्ड के लिए 9000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
-
March 24, 2026 11:49 AM (IST) Posted by Amar Deep
बिजली विभाग के लिए 3942 करोड़ रुपये
इस बार दिल्ली के बजट में बिजली विभाग के लिए 3942 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली में बिजली सब्सिडी जारी रहेगी।
-
March 24, 2026 11:45 AM (IST) Posted by Amar Deep
7,000 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा करेगा PWD
पीडब्ल्यूडी 1,392 करोड़ रुपये की लागत से ईंट और सीमेंट से पक्की 7,000 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा करेगा। इसके अलावा, विधायक के क्षेत्र के विकास के लिए 350 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
-
March 24, 2026 11:44 AM (IST) Posted by Amar Deep
दिव्यांगजन वर्ग के लिए 5,921 करोड़ रुपये
दिल्ली के बजट में दिव्यांगजन वर्ग के लिए 5,921 करोड़ रुपये का प्रस्ताव किया गया है।
-
March 24, 2026 11:43 AM (IST) Posted by Amar Deep
नया सचिवालय बनाएगी दिल्ली सरकार
सीएम रेखा गुप्ता ने बजट में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि पहले की सरकारें अपने लिए शीशमहल बनवाती थीं, लेकिन इस बार हमारी सरकार ने नया सचिवालय बनाने का फैसला लिया है। दिल्ली सरकार नया सचिवालय बनाएगी। इसके अलावा अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवासीय काम्प्लेक्स बनेगा।
-
March 24, 2026 11:41 AM (IST) Posted by Amar Deep
हर विधायक के इलाके में विकास के लिए 350 करोड़
दिल्ली की सीएम ने बजट की घोषणा के दौरान कहा कि इस बार हर विधायक के इलाके में विकास के लिए 350 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
-
March 24, 2026 11:37 AM (IST) Posted by Amar Deep
किस विभाग के लिए कितना बजट
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च के लिए PWD को 5921 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा 7887 करोड़ की राशि का प्रावधान शहरी विकास के लिए है। युमनापर के लिए 300 करोड़, झुग्गियों के विकास लिए 800 करोड़ और ग्रामीण विकास के लिए 787 करोड़ का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि विकास विभाग को 914 करोड़ का आवंटन का प्रावधान किया गया है।
-
March 24, 2026 11:34 AM (IST) Posted by Amar Deep
'ट्रिपल इंजन' सरकार के साथ तेजी से हो रही प्रगति
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 2026-27 का बजट पेश करते हुए कहा कि 'ट्रिपल इंजन' सरकार के साथ राष्ट्रीय राजधानी में तेजी से प्रगति हो रही है।
-
March 24, 2026 11:31 AM (IST) Posted by Amar Deep
पहली बार MCD को 11666 करोड़ देने का फैसला
दिल्ली की सीएम ने बजट का ऐलान करते हुए कहा कि पहली बार MCD को 11666 करोड़ देने का फैसला लिया, जो आजतक के इतिहास में सबसे अधिक है।
-
March 24, 2026 11:30 AM (IST) Posted by Amar Deep
बजट का 21% हिस्सा ग्रीन बजट के लिए आवंटित
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस बार का बजट, ग्रीन बजट है। उन्होंने कहा कि इस बार के बजट का 21% हिस्सा ग्रीन बजट के लिए आवंटित किया गया है।
-
March 24, 2026 11:29 AM (IST) Posted by Amar Deep
इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए 4S फर जोर
दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए 4 एस पर जोर दिया जा रहा है। इसमें स्कोप, स्केल, स्पीड और स्किल पर जोर दिया जाएगा।
-
March 24, 2026 11:26 AM (IST) Posted by Amar Deep
एक लाख तीन हजार 700 करोड़ का बजट
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने विधानसभा में दिल्ली का बजट पेश कर दिया है। उन्होंने बजट पेश करते हुए बताया कि इस बार का बजट एक लाख तीन हजार सात सौ करोड़ रुपये का होगा।
-
March 24, 2026 11:23 AM (IST) Posted by Amar Deep
बजट से पहले सीएम ने की पूजा
बजट पेश करने से पहले सीएम रेखा गुप्ता ने मां दुर्गा की पूजा की। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "आज बजट प्रस्तुत करने से पूर्व जगत जननी मां दुर्गा के श्री चरणों में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यह बजट ‘विकसित दिल्ली’ के व्यापक विज़न को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने वाला है, जिसमें महिला सशक्तिकरण सहित समाज के हर वर्ग के कल्याण पर समान रूप से ध्यान दिया गया है। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नए रोजगार के अवसर और सुगम जीवन की सुविधाओं का संतुलित विस्तार इस बजट की आधारशिला हैं।"
-
March 24, 2026 11:20 AM (IST) Posted by Amar Deep
दिल्ली बजट सत्र में बोल रहीं रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विधानसभा पहुंच गई हैं और वह बजट सत्र को संबोधित भी कर रही हैं। सीएम रेखा गुप्ता थोड़ी ही देर में दिल्ली का बजट पेश कर देंगी।
-
March 24, 2026 11:09 AM (IST) Posted by Amar Deep
दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली विधानसभा में 2025-26 की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के अनुसार, अग्रिम अनुमान के मुताबिक मौजूदा कीमतों पर दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय 2024-25 की तुलना में 7.92 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 5,31,610 रुपये तक पहुंचने की संभावना है।
-
March 24, 2026 11:01 AM (IST) Posted by Amar Deep
दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी
दिल्ली विधानसभा और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। आज ही दिल्ली का बजट पेश होने वाला था। ईमेल के जरिए दिल्ली विधानसभा को फिर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। विधानसभा मेट्रो स्टेशन को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली।
-
March 24, 2026 10:59 AM (IST) Posted by Amar Deep
बजट से दिल्ली के विकास की गति में तेजी आएगी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि सरकार का दूसरा बजट दिल्ली के विकास की गति को तेज करेगा। उन्होंने कहा, “यह बजट न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि दिल्लीवासियों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का माध्यम भी बनेगा। यह बजट एक ऐसे दिल्ली के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है जहां नागरिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, उत्कृष्ट शिक्षा, मजबूत बुनियादी ढांचे और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के साथ रह सकें। इस बजट में छात्रों के लिए बेहतर सुविधाओं, स्वास्थ्य क्षेत्र में मजबूत बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण और हरित वातावरण को प्राथमिकता दी जा रही है।”
-
March 24, 2026 10:56 AM (IST) Posted by Amar Deep
वायु प्रदूषण कम करने पर होगा जोर
इस बार का बजट ग्रीन बजट होगा। बजट में सबसे ज्यादा जोर वायु प्रदूषण कम करने पर होगा।
-
March 24, 2026 10:50 AM (IST) Posted by Amar Deep
रेखा गुप्ता पेश करेंगी बजट
दिल्ली मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रेखा गुप्ता आज दिल्ली का बजट पेश करेगी। सुबह 11 बजे से बजट भाषण शुरू होगा।