1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. अचानक अस्पताल पहुंच गईं सीएम रेखा गुप्ता, मरीजों से लिया फीडबैक, कहा- 'सम्मान के साथ सेवा करना लक्ष्य'

अचानक अस्पताल पहुंच गईं सीएम रेखा गुप्ता, मरीजों से लिया फीडबैक, कहा- 'सम्मान के साथ सेवा करना लक्ष्य'

सीएम रेखा गुप्ता ने गर्मियों को ध्यान में रखते हुए पीने के पानी और सफाई की खास व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को सम्मान के साथ सेवाएं उपलब्ध कराना ही उनका लक्ष्य है।

Rekha gupta- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT अस्पताल में दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता

मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुरुवार को अरुणा आसफ अली अस्पताल का औचक निरीक्षण कर मरीजों और उनके परिजनों से व्यवस्थाओं और डॉक्टरों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों, कर्मचारियों और अस्पताल प्रबंधन से फीडबैक लेकर स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, तेज, संवेदनशील और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए। 

रेखा गुप्ता ने कहा, "हमारा संकल्प है कि दिल्ली का हर नागरिक ऐसे स्वास्थ्य तंत्र का अनुभव करे जहां समय पर उपचार मिले, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों, स्वच्छ वातावरण हो और हर मरीज को सम्मान के साथ सेवा प्राप्त हो।"

पीने के पानी की व्यवस्था करने के निर्देश

दिल्ली सीएम ने बताया कि गर्मियों को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को दवाइयों की उपलब्धता, पीने के पानी, स्वच्छता, मरीजों की सुविधा और सभी आवश्यक इंतजाम सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने कहा, "हर परिवार को भरोसेमंद स्वास्थ्य सुरक्षा मिले, हर नागरिक को समय पर उपचार मिले और हर अस्पताल सेवा, संवेदना और विश्वास का केंद्र बने। इसी दिशा में हम निरंतर कार्य कर रहे हैं।"

दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए अहम कदम

रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में बताया कि सरकार दिल्ली को एक साफ, ग्रीन और प्रदूषण-मुक्त राजधानी बनाने के इरादे के साथ मजबूती से आगे बढ़ रही है। प्रस्तावित ईवी पॉलिसी इस बदलाव के लिए एक मजबूत नींव का काम करेगी। स्कूटर, ई-रिक्शा और मालवाहक गाड़ियों पर आकर्षक सब्सिडी से इलेक्ट्रिक गाड़ियां आम नागरिकों और मेहनती साथी मजदूरों के लिए ज्यादा आसान और सस्ती हो जाएंगी। उन्होंने लिखा, "स्कूल बसों और कमर्शियल गाड़ियों को धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक में बदलने के लिए एक साफ रोडमैप तैयार किया गया है। मजबूत चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, मॉडर्न पॉलिसी और लोगों की भागीदारी की ताकत से, दिल्ली अब ग्रीन मोबिलिटी में एक नई पहचान बनाएगी।"

यह भी पढ़ें-

दिल्ली मेयर चुनावः बीजेपी ने की महापौर और उप-महापौर पद के लिए उम्मीदवारों की घोषणा, निर्विरोध चुना जाना तय

खून से लथपथ उंगली, बायोमेट्रिक लॉक: IRS अफसर की बेटी की हत्या में बड़े खुलासे, आरोपी की दरिंदगी आई सामने