1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के रेस्टोरेंट में 'डेटिंग स्कैम' का भंडाफोड़! लड़की के जाल में फंसाकर ठगे हजारों रुपये, दो गिरफ्तार

दिल्ली के रेस्टोरेंट में 'डेटिंग स्कैम' का भंडाफोड़! लड़की के जाल में फंसाकर ठगे हजारों रुपये, दो गिरफ्तार

दिल्ली के आनंद विहार के फाइन-डाइनिंग रेस्टोरेंट में पुलिस ने जबरन वसूली रैकेट का भंडाफोड़ किया और इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

दिल्ली के रेस्टोरेंट में 'डेटिंग स्कैम' का भंडाफोड़!- India TV Hindi
Image Source : ANI दिल्ली के रेस्टोरेंट में 'डेटिंग स्कैम' का भंडाफोड़!

दिल्ली पुलिस की शाहदरा जिला टीम ने आनंद विहार इलाके के एक नामी रेस्टोरेंट में चल रहे जबरन वसूली और ठगी के रैकेट का पर्दाफाश किया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपी ग्राहकों को डरा-धमकाकर और मारपीट करके उनसे मोटी रकम वसूलते थे। बता दें यह पूरी घटना 14 सितंबर को सामने आई, जब पीड़ित 28 वर्षीय रामकृष्ण ने आनंद विहार थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, एक अनजान लड़की ने पीड़ित को पहले व्हाट्सएप पर संपर्क किया और फिर दोस्ती करके उसे कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन के पास बुलाया। इसके बाद वह लड़की पीड़ित को आनंद विहार स्थित एक फाइन-डाइनिंग रेस्टोरेंट में लेकर गई। 

बताया जा रहा है कि उस रेस्टोरेंट में थोड़ी देर रुकने पर ही पीड़ित को अचानक से लगभग 21,000 रुपये का एक बहुत ही बढ़ा बिल थमा दिया गया। जब पीड़ित ने पैसे देने में हिचकिचाहट दिखाई, तो उसे डराया-धमकाया गया और उसके साथ मारपीट तक की गई। जिसके बाद पीड़ित ने कथित तौर पर 8,000 रुपये नकद और 6,000 रुपये UPI के ज़रिए अरुण कुमार शर्मा के नाम वाले खाते में ट्रांसफर किए। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने उसका ATM कार्ड और PIN भी ले लिया और उसके खाते से 11,000 रुपये ओर निकाल लिए। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे पुलिस के पास न जाने की धमकी भी दी गई और अतिरिक्त 25,000 रुपये देने के लिए कहा गया। 

पीड़ित की शिकायत के बाद आनंद विहार पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2)/3(5) के तहत मामला (FIR नंबर 330/2026) दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। आरोपियों की पहचान के लिए एक खास टीम बनाई गई। पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच की और जरूरी जानकारी जुटाई। जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन गुर्जर (28), जो नगला, खेकड़ा (बागपत, उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है, और मो. अरशदुल्लाह आलम (28), जो ललिता पार्क, लक्ष्मी नगर, दिल्ली का रहने वाला है, के तौर पर हुई है। पूछताछ के दौरान, पुलिस ने बताया कि अमन गुर्जर ने खुलासा किया कि वह रेस्टोरेंट में बाउंसर का काम करता था, जबकि अरशदुल्लाह आलम ऑर्गनाइज़र के तौर पर काम करता था। 

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि इस पूरे खेल में एक लड़की भी शामिल थी, जिसका काम व्हाट्सएप के जरिए लड़कों को जाल में फंसाना और उन्हें रेस्टोरेंट तक लाना था। आरोप है कि पुलिस के आने से पहले ही वह महिला वहां से भाग गई थी, हालांकि उसे पकड़ने की कोशिशें जारी है। पुलिस ने कहा कि जांच के तहत CCTV फुटेज, पैसों के लेन-देन, 6,000 रुपये के UPI पेमेंट, 11,000 रुपये की ATM निकासी और महिला की मोबाइल डिटेल्स की पुष्टि की जा रही है। 

(रिपोर्ट - ANI)

यह भी पढ़ें:

दिल्ली में कार सवार ने बाइक में मारी टक्कर, 100 मीटर तक घसीटा, सामने आया VIDEO