सोशल मीडिया पर महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित मारपीट के दावों को दिल्ली पुलिस ने खारिज किया है। DCP नई दिल्ली ने इन दावों को बेबुनियाद और गुमराह करने वाला बताया है। DCP नई दिल्ली की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी किया गया है।
नियमों के तहत होती है हिरासत की प्रक्रिया
इस पर कहा गया कि महिला प्रदर्शनकारियों को महिला पुलिसकर्मी संभालती हैं। उनके साथ सम्मानजनक एवं उचित व्यवहार किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और रिहा करने की प्रक्रिया लागू कानूनों और निर्धारित नियमों के तहत की जाती है।
निर्धारित समय के भीतर किया जाता है रिहा
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए पुरुष प्रदर्शनकारियों को भी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर रिहा कर दिया गया था। पुलिस ने कहा कि इसके विपरीत किए जा रहे किसी भी दावे में तथ्यात्मक सच्चाई नहीं है। ऐसे दावे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति को नहीं दर्शाते।
तथ्यों के आधार पर जानकारी पर भरोसा करने की अपील
इसके साथ ही DCP नई दिल्ली ने सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे दावों को लेकर लोगों से तथ्यों के आधार पर जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई तरह के फोटो और वीडियो वायरल हो रहे हैं।
दिल्ली में 10 अक्टूबर से सीजेपी के प्रदर्शन का ऐलान
वहीं, दूसरी ओर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को कहा कि दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित उसका प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा। सीजेपी ने निर्वाचन प्रक्रिया में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के पक्षधर प्रत्येक नागरिक से इसमें शामिल होने की अपील की है। सीजेपी ने कहा कि अगर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो 10 अक्टूबर को प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञानेश कुमार के हटाने की मांग
बता दें कि सीजेपी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का हवाला देते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। सीजेपी के संस्थापक एवं संयोजक अभिजीत दीपके ने शनिवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि कुमार के पद से नहीं हटने पर देश के हर हिस्से से नागरिक और संगठन के सदस्य नई दिल्ली में एकत्रित होंगे और जंतर-मंतर पर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करेंगे। (भाषा के इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें:
महिला बदसलूकी मामले में रुका प्रोमोशन, बोले ACP विवेक भगत-जांच करो, अभी नहीं चाहिए तरक्की