A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: आनंद विहार में एक झोपड़ी में लगी भीषण आग, जलकर राख हो गए 3 लोग, शवों की पहचान हुई

दिल्ली: आनंद विहार में एक झोपड़ी में लगी भीषण आग, जलकर राख हो गए 3 लोग, शवों की पहचान हुई

दिल्ली के आनंद विहार में एक झोपड़ी में आग लगने से 3 लोगों की जलकर मौत हो गई है। इन तीनों के शव पूरी तरह जली अवस्था में बरामद कर लिए गए हैं।

Delhi FIRE - India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE PIC/PTI दिल्ली के आनंद विहार में एक झोपड़ी में आग

नई दिल्ली: दिल्ली के आनंद विहार में एक बड़ी घटना घट गई है। यहां एक झोपड़ी में आग लगने से 3 पुरुषों की मौत हो गई है। ये तीनों जिंदा जल गए और इनके शव भी बरामद हुए हैं। शवों की हालत बहुत खराब है क्योंकि वह पूरी तरह जल चुके हैं। मृतकों की पहचान भी हो गई है। 

कौन हैं मृतक?

एसटीओ फिरोज ने बताया कि एक झोपड़ी में आग लग गई थी, जिसमें 3 पुरुषों की मौत हुई है और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। शवों की पहचान जग्गी कुमार, श्याम सिंह और कांता प्रसाद के रूप में हुई है। ये तीनों ही यूपी के रहने वाले थे। एसएचओ मनीष और आईओ एसआई सोकेन्दर थाना आनंद विहार से आगे की जांच के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं।

जैसे ही इस घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो मौके पर कुल 3 दमकल गाड़ियां भेजी गईं थीं। पूरा मामला दिल्ली के जीसीआर एन्क्लेव, एनआर गर्ग नर्सिंग होम एवं केन्द्रीय विद्यालय, आनंद विहार का है।

दिल्ली के शाहदरा में भी जिंदा जल गए थे 2 लोग 

दिल्ली के शाहदरा में भी कुछ समय पहले एक घर में आग लगने से 2 लोग जिंदा जल गए थे और उनकी मौत हो गई थी। घर से दो जले हुए शव बरामद किए गए थे। वहीं दो बच्चों को रेस्क्यू किया गया था। दमकल विभाग के मुताबिक, शाहदरा में एक घर में सुबह 5 बजकर 24 मिनट में एक घर में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की 6 गाड़ियां और टीम मौके पर गई थीं।

जब घर में आग लगी तो वहां पर चार लोग मौजूद थे। इनमें से दो जले हुए शव बाहर निकाले गए जबकि 2 बच्चों को रेस्क्यू किया गया और अस्पताल भेजा गया। ये आग बिल्डिंग की तीसरी और चौथी मंजिल में लगी थी। जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह से परिवार बाहर नहीं निकल पाया। 

जानकारी के अनुसार, सुबह भोलानाथ नगर स्थित एक घर में आग लग गई। घर मनीष गुप्ता का था। आग लगने से चार लोग झुलस गए, जिन्हें जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान कैलाश गुप्ता (72 वर्ष),  भगवती गुप्ता (70 वर्ष), मनीष गुप्ता (45 वर्ष), पार्थ गुप्ता (19 वर्ष) के रुप में की गई। मृतक लोगों की पहचान शिल्पी गुप्ता (उम्र 42 वर्ष) और प्रणव गुप्ता (16 वर्ष) के रुप में हुई।