A
Hindi News दिल्ली दिल्ली: रोहिणी में खुले मेन होल में गिरकर मजदूर की मौत, बिहार का रहने वाला था, महज 32 साल थी उम्र

दिल्ली: रोहिणी में खुले मेन होल में गिरकर मजदूर की मौत, बिहार का रहने वाला था, महज 32 साल थी उम्र

दिल्ली के रोहिणी में एक मजदूर की सीवर के मेनहोल में गिरकर मौत हो गई। मजदूर बिहार का रहने वाला था और उसकी उम्र महज 32 साल थी।

Delhi- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT रोहिणी में खुले मेन होल में गिरकर मजदूर की मौत

रोहिणी: दिल्ली के रोहिणी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के सेक्टर 32 में एक सीवर के मेन होल में गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर की पहचान बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले बिरजू के रूप में हुई है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

रोहिणी सेक्टर 32 में सीवर के मेन होल में गिरकर एक शख्स की मौत हो गई। घटना सोमवार शाम की है। बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला बिरजू अपने एक दोस्त के साथ पैदल जा रहा था। बिरजू खुले हुए मेन होल में गिर गया। लेकिन उसके दोस्त ने इसकी जानकारी मंगलवार को दी।

बताया जा रहा है कि बिरजू और उसका दोस्त, दोनों कहीं से शराब पीकर वापस अपने घर जा रहे थे। मंगलवार की शाम पुलिस और फायर ब्रिगेड को इस घटना की सूचना दी गई। तकरीबन 3 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला, जिसके बाद बिरजू को सीवर से निकाला गया। 

इस घटना के बाद प्रशासन के द्वारा सीवर का ढक्कन लगा दिया गया और उसके आस-पास पत्थर लगा दिए गए। 

दिल्ली पुलिस ने क्या बताया?

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 2 लोग थे और दोनों मजदूरी करते थे। उन्होंने सोमवार को दिन में पार्टी की और नशे में थे। वह पैदल चल रहे थे। कल रात 9 बजे वह दोनों घटनास्थल से गुजरे। जिसमें पीछे चल रहा मजदूर खुले मेनहोल में गिर गया और आगे चल रहे मजदूर को पता ही नहीं लगा।

आज दोपहर दोपहर ढाई बजे पुलिस को कॉल करके इस मामले की जानकारी दी गई, तब जाकर पुलिस एक्टिव हुई। मिली जानकारी के मुताबिक, जिस सीवर में गिरकर मजदूर की मौत हुई, वह DDA का है और उसका ढक्कन खुला हुआ था।
लापरवाही के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है।