A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: युवक ने अपने ही हाथ से सीने पर रखकर चला दी गोली, मौके पर मौत, सामने आया घटना का VIDEO

दिल्ली: युवक ने अपने ही हाथ से सीने पर रखकर चला दी गोली, मौके पर मौत, सामने आया घटना का VIDEO

दिल्ली के दल्लुपुरा इलाके में एक युवक लाइसेंसी पिस्टल के साथ स्टंट कर रहा था। अचानक उसने सीने पर रखकर ट्रिगर दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Delhi- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक युवक

नई दिल्ली: दिल्ली के दल्लुपुरा इलाके से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक ने खुद को गोली मार ली। युवक की पहचान पवन के रूप में हुई है, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। 

पुलिस ने बताया कि पवन के चचेरे भाई की लाइसेंसी पिस्टल थी और वह वीडियो बना रहा था और स्टंट कर रहा था। लेकिन जैसे ही उसने पिस्टल में मैगजीन डाली औए अपने सीने पर लगाई, ट्रिगर दब गया। गोली पवन के दिल में लगी और उसकी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?

इस घटना के वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स वीडियो बना रहा है और दूसरा युवक पिस्तौल के साथ दिखाई दे रहा है। सब कुछ सामान्य दिख रहा है। अचानक युवक पिस्तौल लोड करता है और उसे अपने सीने के पास ले जाता है। वीडियो बनाने वाले की भाषा से भी ऐसा लगता है कि सब कुछ सामान्य है। इसके बाद युवक बिना कुछ कहे अपने सीने पर गन रखता है और ट्रिगर दब जाता है। युवक मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ता है और वीडियो बनाने वाला शख्स कहता है कि अरे ये तुमने क्या किया।

इस मामले में पुलिस का भी बयान मंगलवार को सामने आया है। पुलिस ने बताया कि दल्लूपुरा में एक शख्स ने अपने सीने में गोली मारी है। ये घटना तब हुई जब उसका रिश्तेदार उसका पिस्तौल में गोली डालते हुए वीडियो बना रहा था। 

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद युवक को हॉस्पिटल भी ले जाया गया था लेकिन हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान पवन कुमार नाम के शख्स के रूप में हुई है, वहीं वीडियो बनाने वाले शख्स का नाम हिमांशु है, जोकि मृतक का रिश्तेदार है। 

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो 

ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। देखने से ऐसा लग रहा है कि पवन को ये जानकारी नहीं थी कि गोली चल जाएगी। जबकि पवन का रिश्तेदार उसे बीच में अलर्ट भी करता है और गोली ना चलाने के लिए कहता है। पुलिस के मुताबिक, पिस्तौल हिमांशु की है और वीडियो बनाने के लिए उसने पिस्तौल को पवन के हवाले किया था। 

घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन, पिस्तौल, 10 कारतूस को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।