Delhi Air Pollution: दिल्ली में छाई धुंध की चादर, बढ़कर 373 हुआ AQI
दिल्ली में एयर पॉल्यूशन को कंट्रोल करने के लिए कई तरह के दिशा निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसे लेकर राजनीति भी खूब हो रही है। जानें किसने क्या कहा?

Delhi Air Pollution: दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण पर दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा कहते हैं, "संसद में वायु प्रदूषण पर चर्चा हो रही है। आपके सामने वे सभी कार्य हैं जो किसी भी सरकार को प्रदूषण से मुक्ति दिलाने के लिए पूरे करने चाहिए थे। चाहे वह कचरे के ढेर हटाना हो, फुटपाथों की मरम्मत करना हो, ई-कचरा प्रबंधन हो, यमुना की सफाई हो, सड़कों की सफाई हो, आदि... आम आदमी पार्टी की सरकार को ये सभी कार्य पिछले 11 वर्षों में कर देने चाहिए थे। अगर आम आदमी पार्टी सरकार ने इनमें से आधे कार्य भी कर दिए होते, तो हमें केवल शेष कार्य ही करने पड़ते... लेकिन अरविंद केजरीवाल और आप सरकार ने पिछले 11 वर्षों में एक भी कार्य नहीं किया है..."
Live updates : Delhi Air Pollution LIVE: भाजपा ने AAP पर लगाया आरोप
- December 18, 2025 11:21 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
दिल्ली में AQI बढ़कर हुआ 373
दिल्ली में गुरुवार को धुंध की चादर छा गई, जिससे शहर में विजिबिलिटी कम हो गई। वायु प्रदूषण के हालात खराब हो गई। 24 घंटे का एवरेज एक्यूआई बहुत खराब कैटेगरी में रहा और इसका लेवल एक दिन पहले के 334 से बढ़कर 373 हो गया।
- December 18, 2025 8:45 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
कार-पूलिंग को दें प्राथमिकता- दिल्ली CM गुप्ता
दिल्ली की सीएम ने कहा कि लोगों को परेशानी हो रही है लेकिन दिल्ली में चलने वाली हर गाड़ी को वायु प्रदूषण फैलाए बिना सड़क पर चलना चाहिए। यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम अपनी गाड़ियों को पीयूसी प्रमाणित कराएं। लोगों को कार-पूलिंग और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देनी चाहिए।
- December 18, 2025 6:58 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ पर CM रेखा का बयान
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' नियम से असुविधा हो सकती है लेकिन सारे वाहनों की प्रदूषण जांच करवाना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। शहर की हवा को सुधारने के लिए नियमों का पालन करना जरूरी है। थोड़ी परेशानी होगी लेकिन ये जरूरी है।
- December 18, 2025 6:07 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
होलिका दहन पर सपा सांसद का विवादास्पद बयान
वायु प्रदूषण के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के नेता आरके चौधरी ने कहा कि जब शवों को जलाया जाता है, तो उनसे कार्बन डाइऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड निकलती है, जिससे ऑक्सीजन कम हो जाती है। यहां तक कि होलिका दहन के दौरान भी CO2 और कार्बन मोनोऑक्साइड निकलती है। हमारा देश एयर पॉल्यूशन पर गंभीर नहीं है। यह धर्म का मुद्दा नहीं, बल्कि पर्यावरण का मुद्दा है।
- December 18, 2025 4:41 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
वायु प्रदूषण का हल एक दिन में मुमकिन नहीं- मंत्री प्रवेश वर्मा
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार ने वायु प्रदूषण से निपटने के लिए कई स्टेप उठाए हैं। वायु प्रदूषण का समाधान एक दिन में मुमकिन नहीं क्योंकि यह एक पुरानी समस्या है, जिसके लिए लगातार कार्रवाई की जरूरत है।
- December 18, 2025 4:23 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
वायु प्रदूषण पर चर्चा जरूरी- हरसिमरत कौर बादल
वायु प्रदूषण के मुद्दे पर SAD सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा, "वायु प्रदूषण को कंट्रोल करने के लिए उचित कदम उठाने की जरूरत है। प्रदूषण पर चर्चा अहम है, क्योंकि कई सालों से पंजाब के किसानों को दिल्ली के बढ़ते प्रदूषण के लिए दोषी बताकर बदनाम किया जा रहा है।"
- December 18, 2025 3:33 PM (IST) Posted by Vinay Trivedi
पेट्रोल पंप की जांच करने खुद निकले मंत्री सिरसा
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा औचक निरीक्षण के लिए निकले हुए हैं। वह यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रदूषण प्रमाण पत्र के बिना पेट्रोल पंप ईंधन तो नहीं बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर से पेट्रोल पंपों का निरीक्षण शुरू किया। पूरे एनसीआर क्षेत्र को मिलकर इस प्रदूषण से लड़ना होगा। हरियाणा ट्रैफिक पुलिस ने भी इस इलाके में एक चेक पोस्ट स्थापित की है। अगले 7 दिनों में खराब मौसम रहने की संभावना है, लेकिन हमारा टारगेट एक्यूआई को कम करना है। यह जागरूकता अभियान चलता रहेगा। मुझे पता चला है कि कई प्राइवेट संगठन 50 फीसदी वर्क फ्रॉम होम के नियम का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे संगठनों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
- December 18, 2025 2:07 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
लोकसभा में प्रदूषण पर होनी थी चर्चा
ये प्रतिबंध ऐसे दिन लागू किए गए हैं जब लोकसभा में नियम 193 के तहत प्रदूषण संकट पर बहुप्रतीक्षित बहस होनी है। इस चर्चा में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, भाजपा की बांसुरी स्वराज और निशिकांत दुबे तथा समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव सहित कई प्रमुख वक्ता शामिल होने वाले थे।
- December 18, 2025 1:10 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
'पीयूसी प्रमाणपत्र नहीं तो ईंधन नहीं'
दिल्ली यातायात पुलिस ने गुरुवार को पूरे शहर में प्रवर्तन बढ़ा दिया, क्योंकि बीएस-VI मानकों से नीचे के गैर-दिल्ली निजी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध और 'पीयूसी प्रमाणपत्र नहीं तो ईंधन नहीं' का नियम लागू हो गया। पेट्रोल पंपों पर ईंधन भरने की अनुमति देने से पहले यातायात पुलिसकर्मी वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण (पीयूसी) प्रमाणपत्रों की व्यक्तिगत रूप से जांच करते देखे गए।
दिल्ली यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, "दिल्ली यातायात पुलिस की कई टीमें शहर के प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर तैनात की गई हैं ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को रोका जा सके और प्रतिबंधों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।"
- December 18, 2025 12:42 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
ग्रेप 4 लागू नहीं किया ये सिर्फ कागजो में ही लागू हुआ-केजरीवाल
केजरीवाल बोले, अभी तक ये कहा जाता था की पंजाब की पराली के ज़रिए दिल्ली में प्रदूषण होता है लेकिन अब पंजाब में पराली नहीं जल रही है दिल्ली सरकार को उचित कदम उठाने चाहिए दिल्ली में जब तक हमारी सरकार थी तब तक दिल्ली ने इतना प्रदूषण नहीं देखा। ग्रेप 4 लागू नहीं किया ये सिर्फ कागजो में ही लागू हुआ। प्रधानमंत्री जी का एक शब्द नहीं आया देश की राजनीति गैस चैम्बर बनी हुई है प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं कहा इनकी नीयत सही नहीं है।
- December 18, 2025 12:40 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर चिंता का विषय है: भाजपा सांसद
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पर भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा, "दिल्ली में प्रदूषण का स्तर चिंता का विषय है। लेकिन पिछले 26-27 वर्षों से दिल्ली में भाजपा की सरकार नहीं थी। हमें पता चला है कि दिल्ली सरकार द्वारा कोई ठोस नीति नहीं बनाई गई है। भाजपा सरकार फरवरी में सत्ता में आई। सत्ता में आते ही मुख्यमंत्री ने पानी के छिड़काव की व्यवस्था की। फिर भी, ये उपाय संतोषजनक नहीं हैं। एक वैज्ञानिक अध्ययन किया जाना चाहिए और प्रदूषण के वैज्ञानिक कारणों को दूर करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार इस बारे में सतर्क हैं और काम किया जा रहा है। इस पर आज चर्चा होगी।"
- December 18, 2025 12:38 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
2029 में साफ़ होगी यमुना-दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा
प्रवेश वर्मा ने कहा, दिल्ली सरकार ने 2029 के लिए नई डेडलाइन की घोषणा कर दी है। कुछ लोग मुझसे पूछते हैं कि यमुना कब साफ होगी, छह माह में इसकी सफाई नहीं होगी. हमें सबसे पहले सीवर लाइनों को जोड़ना होगा।
- December 18, 2025 12:21 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
गाड़ियों के लिए आज से लागू है ये प्रतिबंध
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह ने घोषणा की थी कि जीआरएपी 3 और 4 लागू रहने के दौरान बीएस-VI श्रेणी से नीचे के और दिल्ली के बाहर पंजीकृत सभी वाहनों को शहर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस प्रतिबंध को लागू करवाने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमें गुरुवार से पेट्रोल पंपों और सीमाओं पर तैनात रहेंगी। बुधवार को जारी अंतिम आदेश में कहा गया है कि यह प्रतिबंध केवल तभी लागू होगा जब ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) का चरण 4 लागू होगा।
- December 18, 2025 12:19 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
यह एक बड़ा संकट है, संसद में चर्चा होनी ही चाहिए: प्रियंका चतुर्वेदी
शिवसेना की यूबीटी नेता और राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने आज होने वाली वायु प्रदूषण पर बहस का स्वागत करते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए एक गंभीर मुद्दा है। उन्होंने एएनआई से कहा, "मैं वायु प्रदूषण पर इस चर्चा का स्वागत करती हूं। यह न केवल दिल्ली बल्कि पूरे देश के लिए एक गंभीर मुद्दा है, क्योंकि यह एक बड़ा संकट है। इस पर सत्र की शुरुआत में ही चर्चा होनी चाहिए थी।"
- December 18, 2025 12:17 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
दिल्ली-एनसीआर को साथ काम करना होगा
एनसीआर की सरकार साथ में मिलकर क्यों नहीं काम कर रही पॉल्यूशन पर? आप सही कह रहे हैं कि पॉल्यूशन एनसीआर की प्रॉब्लम है दिल्ली में पाबंदियों से पॉल्यूशन कम नहीं होगा, एनसीईआर की सरकारों को साथ में आना होगा हम ये मान रहे हैं, और आने वाले समय में हो सकता है इस बारे में मीटिंग भी हो। हमें भी पर्यावरण मिनिस्टर भूपेंद्र यादव ने बुलाया है दिल्ली की CM और मेरी उनके साथ मीटिंग है।
- December 18, 2025 12:16 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
दिल्ली के लोगों को परमानेंट पाबंदियों में नहीं रख सकते: सिरसा
दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह बोले, क्या सरकार ने पाबंदियां देरी से लागू की है? देखिए ये इमरजेंसी में लिए गए फैसले हैं हम दिल्ली के लोगों को परमानेंट पाबंदियों में नहीं रख सकते हैं। उनको यह नहीं कह सकते कि आपको पेट्रोल नहीं मिलेगा ... GRAP 4 समय रहते लागू क्यों नहीं किया गया? देखिए GRAP 4 का फैसला CAQM और सुप्रीम कोर्ट लेती है .. लेकिन सरकार ने GRAP की पाबंदियों से हटकर कुछ और कदम उठाए है
- December 18, 2025 12:15 PM (IST) Posted by Kajal Kumari
पेट्रोल पंप पर NO PUC No fuel लागू
दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा अलग-अलग पेट्रोल पंप पर जाकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि पेट्रोल पंप पर NO PUC No fuel लागू हो।