नई दिल्लीः दिवाली से पहले ही दिल्ली की हवाओं में 'जहर' खुलने लगा है। दिल्ली के कई इलाके में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार,आज सुबह अक्षरधाम के आसपास वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 369 दर्ज किया गया जोकि 'बहुत खराब' श्रेणी में है। वहीं, सुबह इंडिया गेट के आसपास वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 220 दर्ज किया गया, जो दिल्ली में 'खराब' श्रेणी में है।
कहां कितना दर्ज हुआ एक्यूआई
दिल्ली के छह निगरानी केंद्रों ने बताया कि सर्दी का मौसम शुरू होते ही वायु गुणवत्ता का स्तर 'बेहद खराब' श्रेणी में आ गया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार दिल्ली की वायु गुणवत्ता शुक्रवार को लगातार चौथे दिन 'बहुत खराब' श्रेणी में रही। दिल्ली का 24 घंटे का औसत एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 245 दर्ज किया गया जो 'खराब' श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार राजधानी के 38 निगरानी केंद्रों में से पांच ने वायु गुणवत्ता को बेहद खराब श्रेणी में बताया।
आनंद विहार में सबसे अधिक एक्यूआई (359) दर्ज किया गया, इसके बाद वजीरपुर (350), द्वारका सेक्टर आठ (313), दिल्ली विश्वविद्यालय नॉर्थ कैंपस और सीआरआरआई मथुरा रोड (दोनों 307) और जहांगीरपुरी (301) का स्थान रहा। दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता ऐसी ही रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और वायु गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गयी। आईएमडी ने शुक्रवार को आसमान साफ रहने और न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 19 और 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।