A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 'लड़की के साथ बदतमीजी के विरोध पर मेरे बेटे को मारी गोली', दिल्ली के अमर कॉलोनी कांड पर पीड़ित के पिता का बयान

'लड़की के साथ बदतमीजी के विरोध पर मेरे बेटे को मारी गोली', दिल्ली के अमर कॉलोनी कांड पर पीड़ित के पिता का बयान

दिल्ली के अमर कॉलोनी में हुए गोलीकांड पर पीड़ित के पिता का बयान सामने आया है। पिता ने बताया कि बेटे ने अपनी दोस्त के साथ बदतमीजी का विरोध किया, तभी उसे गोली मारी गई है।

Delhi Amar Colony firing- India TV Hindi
Image Source : ANI दिल्ली के अमर कॉलोनी कांड पर पीड़ित के माता-पिता का बयान।

दिल्ली की अमर कॉलोनी में एक नाबालिग को गोली मारने से हड़कंप मच गया। अमर कॉलोनी में नाबालिग पर बाइक सवार 3 अज्ञात हमलावरों में से एक ने गोली चला दी। गोली बेहद करीब से मारी गई, उसके ब्रेन में गोली फंस गई, जिससे उसकी हालत गंभीर है। जानकारी के मुताबिक, नाबालिग अपनी एक दोस्त के साथ रेस्टोरेंट में खाना खा रहा था, तभी पास बैठे लड़कों से उसकी किसी बात पर कहासुनी हो गई। विवाद के बाद तो लड़के चले गए लेकिन थोड़ी ही देर बाद वे लौटे और एक लड़के ने पिस्टल से बेहद करीब से छात्र को गोली मार दी। इस मामले पर पीड़ित के पिता सुनील ने बड़े खुलासे किए हैं।

लड़की के साथ बदतमीजी के विरोध पर बेटे को मारी गोली

पीड़ित के पिता सुनील ने बताया, 'वह दोपहर के वक्त घर से निकला था। उसके साथ 3-4 दोस्त थे। इनकी लड़की दोस्त भी साथ में थी। ये लोग वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डालते थे।' पिता ने आगे कहा कि लड़की के साथ बदतमीजी की गई तो मेरे बेटे ने मना किया। इसकी वजह से उसे मारा-पीटा गया और फिर गोली मार दी गई।

पहले मिली थी बेटे के एक्सीडेंट होने की जानकारी- पिता

उन्होंने आगे कहा कि बीती रात 8 बजे मुझे मेरे बेटे के दोस्तों का फोन आया कि उसका एक्सीडेंट हो गया है और मैं जल्द से जल्द अस्पताल पहुंच जाऊं। जब ​​मैं मूलचंद अस्पताल पहुंचा, तो मुझे पता चला कि यह कोई दुर्घटना नहीं थी, बल्कि मेरे बेटे को गोली लगी थी।

पीड़ित की मां ने की दोषियों को सजा दिलाने की मांग

वहीं, पीड़ित की मां ने कहा कि मैं डिमांड करती हूं कि दोषियों को जल्द से जल्द अरेस्ट किया जाए। ऐसा करने वालों को मौत की सजा मिलनी चाहिए। मेरे 17 साल बेटे को सिर में गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर है।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

आरोप के मुताबिक, आरोपी छात्र बाकी 2 लोगों को अपने साथ लेकर आया था। तीनों की तस्वीर सीसीटीवी में भागते हुए कैद हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है। पकड़ा गया आरोपी नाबालिग है और वो गोली चलाने वाले के साथ मौजूद था। बाकियों की तलाश की जा रही है।

नाबालिग को गोली मारकर फरार हुए आरोपी

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित लड़का और उसकी दोस्त जब खाना खा रहे थे तो उस दौरान लड़कों का ग्रुप उनके पास से गुजरा और उनमें से एक लड़के ने विक्टिम की चेयर को टच किया जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। उसके बाद लड़कों का ग्रुप वहां से चला गया लेकिन तकरीबन 4 से 5 मिनट बाद लड़कों का ग्रुप वापस आया और उनमें से एक लड़के ने विक्टिम के ऊपर गोली चला दी और मौके से सभी आरोपी फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली: खजूरी में बदमाश की गोली मारकर हत्या, 3 राउंड गोलियां चलीं, कई आपराधिक मामले थे दर्ज