1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Delhi Election Result: AAP का आरोप- 'भाजपा ने 7 विधायकों को ₹15-15 करोड़ का ऑफर दिया'

Delhi Election Result: AAP का आरोप- 'भाजपा ने 7 विधायकों को ₹15-15 करोड़ का ऑफर दिया'

Delhi Election Result: दिल्ली विधानसभा चुनाव का परिणाम आगामी 8 फरवरी को सामने आएगा। इससे पहले AAP ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने उसके 7 विधायकों को ₹15-15 करोड़ का ऑफर दिया है।

संजय सिंह ने भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप।- India TV Hindi
Image Source : X (@AAP) संजय सिंह ने भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप।

Delhi Election Result: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। 5 फरवरी को दिल्ली में 70 सीटों के लिए एक ही चरण में वोटिंग हुई। इसके साथ ही उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला EVM में कैद हो गया है। अब लोगों को 8 फरवरी का इंतजार है जब चुनाव के परिणाम सामने आएंगे। हालांकि, चुनाव के परिणाम से पहले ही आम आदनी पार्टी ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। AAP के सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया है कि भाजपा उनके विधायकों को खरीदने की कोशिश में है।

₹15-15 करोड़ रुपये का ऑफर- संजय सिंह

संजय ने सिंह ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में अपनी हार मान ली है। हमारे सात विधायक जो चुनाव लड़ रहे हैं ऐसे 7 विधायकों के पास पार्टी छोड़ने का, पार्टी तोड़ने का, भाजपा में शामिल होने का ऑफर आ चुका है। इसके लिए उन्हें 15-15 करोड़ रुपये का ऑफर दिया जा रहा है। उन्हें AAP को छोड़कर भाजपा के साथ सरकार बनाने का ऑफर मिला है। 

विधायक कॉल की रिकॉर्डिंग करें- संजय सिंह

संजय ने सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमने अपने सभी विधायकों को और उम्मीदवारों को कह दिया है कि इस तरह की जितनी कॉल आए उसकी रिकॉर्डिंग करें और इसकी सूचना दें। अगर कोई मुलाकात करने को कहता है कि तो कैमरा लगाकर वीडियो बना लें। फिर हम उसे मीडिया में दिखाएंगे।

कितने प्रतिशत वोटिंग हुई?

केंद्रशासित प्रदेश दिल्ली में 70 सीटों के लिए हुए विधानसभा चुनाव में 57.89 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि, अधिकारियों द्वारा सभी 13,766 मतदान केंद्रों से आंकड़े जुटाए जाने के बाद मतदान प्रतिशत में वृद्धि की उम्मीद है। चुनाव के बाद सामने आए एग्जिट पोल में भाजपा को आप पर बढ़त दिखाई गई है। बता दें कि दिल्ली में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच है।