1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Chunav Manch: चुनाव मंच में शामिल हुईं सांसद बांसुरी स्वराज, आप सरकार पर साधा निशाना

Chunav Manch: चुनाव मंच में शामिल हुईं सांसद बांसुरी स्वराज, आप सरकार पर साधा निशाना

चुनाव मंच में सांसद बांसुरी स्वराज ने आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि इस बार दिल्ली में बीजेपी सरकार बना सकती है।

Bansuri swaraj- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बांसुरी स्वराज

दिल्ली विधानसभा चुनाव में पांच फरवरी को सभी सीटों पर मतदान होना है। इससे पहले सभी नेता जनता तक अपनी बात पहुंचाने में लगे हुए हैं। इसी बीच इंडिया टीवी ने चुनावी मंच का आयोजन किया, जिसमें अलग-अलग दलों के नेता शामिल हुए और अपनी बात कही। इस बीच कई नेताओं के बीच तीखी बहस भी हुई। बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज भी इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि दिल्ली में इस बार बीजेपी सरकार बनाने जा रही है।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अंग्रेजों की तरह फूट डालो और राज करो की राजनीति अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने 17 महीनों से इमामों का पैसा नहीं दिया। यह मुद्दा लेकर जब इमाम पहुंचे तो रातों-रात केजरीवाल ने पुजारियों और ग्रंथियों के लिए योजना का ऐलान कर दिया। इस योजना से भी क्रिस्चियन पादरियों को बाहर रखा। यह विभाजन की राजनीति है।

महिलाओं और झुग्गियों को लेकर किए वादे

बांसुरी स्वराज ने कहा कि दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनने पर महिलाओं को 500 रुपये में सिलेंडर दिए जाएंगे। इसके साथ ही साल में दो सिलेंडर फ्री दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की तरह महिलाओं को हर महीने पैसे दिए जाएंगे और राशि उससे ज्यादा होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों को 10 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। बांसुरी ने कहा कि बंटवारे के समय जो लोग पाकिस्तान से भारत आए थे, उनकी जमीन की लीज खत्म हो चुकी है। इन लोगों को मदद मिलेगी और जिन अनाधिकृत कॉलोनी को मान्य किया गया है, उन कॉलोनी में घर खरीदने के रेट भी तय किए जाएंगे।

सीएम हाउस को लेकर साधा निशाना

बांसुरी स्वराज ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने कोविड काल में सीएम हाउस बनवाया। इस समय लोगों को दवाई और खाने की जरूरत थी। ऐसे समय में आम आदमी पार्टी का ध्यान शराब नीति बनाने में और शीशमहल बनाने में था। उन्होंने कहा कि सीएजी की रिपोर्ट में आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इनकी जांच बेहद जरूरी है।