1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली विधानसभा चुनाव में चला CM मोहन यादव का जादू, जिन 12 सीटों की संभाली कमान, 11 पर बीजेपी को मिली जीत

दिल्ली विधानसभा चुनाव में चला CM मोहन यादव का जादू, जिन 12 सीटों की संभाली कमान, 11 पर बीजेपी को मिली जीत

दिल्ली विधानसभा चुनाव में सीएम मोहन यादव का जादू खूब चला है और उन्होंने जिन 12 सीटों पर चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभाली थी, वहां 11 सीटों पर बीजेपी को जीत मिली है।

Mohan Yadav- India TV Hindi
Image Source : PTI मोहन यादव

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी को प्रचंड जीत मिली है और आम आदमी पार्टी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। इस चुनाव में मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव का जादू भी खूब चला है। दरअसल सीएम मोहन यादव ने दिल्ली चुनाव में बीजेपी के लिए 12 सीटों पर प्रचार की कमान संभाली थी। इन 12 सीटों में से 11 सीटों पर बीजेपी के प्रत्याशियों को जीत मिली है। 

सीएम मोहन यादव, दिल्ली में बीजेपी की जीत के बड़े सहभागी बनकर उभरे हैं। मालवीय नगर, नजफगढ़, उत्तम नगर, विकासपुरी, नांगलोई, त्रिनगर, बादली, मुस्तफाबाद, रोहिणी, मादीपुर, हरीनगर सीटों पर सीएम मोहन यादव के प्रचार का असर साफ दिखाई दिया है। 12 में से सिर्फ एक सीट शीलमपुर पर बीजेपी को हार मिली है। 

Image Source : INDIA TV 12 में से 11 सीटों पर बीजेपी की जीत

दिल्ली में बीजेपी की जीत से खुश नजर आए सीएम मोहन यादव

सीएम मोहन यादव ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर लिखा, 'दिल्ली में खिला, विकास का कमल...। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक विजय की प्रदेशवासियों एवं भाजपा परिवार के सभी साथियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह महाविजय आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों, 'विकसित भारत-भ्रष्टाचार मुक्त दिल्ली', सुशासन के संकल्प व दिल्ली की जनता के समर्थन और आशीर्वाद का सुफल है। इस महाविजय के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा एवं समस्त समर्पित कार्यकर्ताओं को बधाई तथा देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त करता हूं।'

दिल्ली की जीत पर क्या बोले पीएम मोदी?

पीएम मोदी ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, 'जनशक्ति सर्वोपरि! विकास जीता, सुशासन जीता। दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को बीजेपी को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन! आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार। दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो। मुझे बीजेपी के अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया। अब हम और भी अधिक मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे।'