1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली चुनाव: कालकाजी क्षेत्र से 5 लाख कैश के साथ पकड़ा गया युवक, CM आतिशी के साथ लिंक वाले एंगल से हो रही जांच

दिल्ली चुनाव: कालकाजी क्षेत्र से 5 लाख कैश के साथ पकड़ा गया युवक, CM आतिशी के साथ लिंक वाले एंगल से हो रही जांच

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग से पहले कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के गोविन्दपुरी से 5 लाख कैश के साथ एक युवक पकड़ा गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

Delhi Police - India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE दिल्ली पुलिस

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग से पहले बड़ी खबर है। कालकाजी विधानसभा क्षेत्र के गोविन्दपुरी से 5 लाख कैश के साथ एक युवक पकड़ा गया है। पुलिस ने एक युवक को पकड़ा है। पकड़े गए युवक के फोन कॉल रिकॉर्डिंग में CM के OSD के 20 से ज्यादा कॉल थे। पुलिस युवक को पुलिस स्टेशन ले गई है और उससे पूछताछ जारी है।

सीएम आतिशी के लिंक वाले एंगल से हो रही जांच

दिल्ली पुलिस अब इस बात की पुष्टि कर रही है कि वह सीएम आतिशी का सहयोगी है या नहीं। बता दें कि दिल्ली की मौजूदा सीएम आतिशी कालकाजी से चुनाव लड़ रही है। ऐसे में उनके क्षेत्र में एक युवक का रुपयों के साथ पकड़ा जाना चर्चा का विषय बना हुआ है। 

AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ हरियाणा में केस दर्ज

हालही में ये खबर भी सामने आई कि AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ हरियाणा में केस दर्ज हुआ है। दरअसल, अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ये केस उनके 'यमुना के पानी में जहर मिलाने' के बयान को लेकर दर्ज हुआ है। अरविंद केजरीवाल के खिलाफ हरियाणा के शाहबाद पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। जगमोहन मनचंदा नाम के शख्स ने केजरीवाल के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। जानकारी के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल ने यमुना नदी के पानी में हरियाणा द्वारा जहर मिलाने का बयान दिया था। अब पुलिस ने इस मामले में केजरीवाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 192, 196(1), 197(1), 248(a), 299 के तहत केस दर्ज किया है।

दिल्ली में कब है वोटिंग?

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार 5 फरवरी को वोटिंग होगी। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर है। चुनाव का परिणाम 8 फरवरी 2025 को जारी किया जाएगा।