A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के न्यू अशोक नगर में महिला की हत्या से फैली सनसनी, शिवाजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर थी मृतका

दिल्ली के न्यू अशोक नगर में महिला की हत्या से फैली सनसनी, शिवाजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर थी मृतका

दिल्ली के न्यू अशोक नगर में महिला की हत्या से सनसनी फैल गई है। महिला की पहचान देवोस्मिता पॉल के तौर पर की गई है जो कि डीयू से संबद्ध शिवाजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर थी।

delhi new ashok nagar women professor murder- India TV Hindi
Image Source : PEXELS सांकेतिक फोटो।

दिल्ली से अपराध की सनसनीखेज वारदात सामने आ रही है। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा एन्क्लेव के सत्यम अपार्टमेंट में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 49 वर्षीय देवोस्मिता पॉल के रूप में हुई है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध शिवाजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर थीं। पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2:35 बजे न्यू अशोक नगर थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें एक महिला ने अपनी बहन की हत्या होने और शव फ्लैट के अंदर पड़े होने की सूचना दी।  सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले में कार्रवाई शुरू की।

मृतका की बहन ने क्या बताया?

मृतका की बहन देवरति पॉल ने पुलिस को बताया कि देवोस्मिता पॉल वसुंधरा एन्क्लेव स्थित फ्लैट में अकेली रहती थीं। सुबह से फ्लैट बाहर से बंद था और फोन कॉल का भी कोई जवाब नहीं मिल रहा था। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने फ्लैट का ताला तोड़ा, जहां अंदर उनकी बहन मृत अवस्था में मिलीं।घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया तथा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के बाद महत्वपूर्ण साक्ष्य एवं फोरेंसिक नमूने एकत्र किए।

पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की?

पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

इधर, खजूरी खास में नाले में मिला शव

दूसरी ओर दिल्ली के खजूरी खास इलाके में नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस को आज सुबह BSES कार्यालय के सामने स्थित नाले में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मृतक की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। खजूरी खास थाना पुलिस ने BNS की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- मालवीय नगर अग्निकांड: घायल लोगों में से 19 की हालत गंभीर, 21 लोगों की मौत कैसे हुई? वजह अब तक पता नहीं

मालवीय नगर अग्निकांड में मारे गए भारतीयों की लिस्ट आई सामने, 21 मृतकों में 12 विदेशी शामिल