A
Hindi News दिल्ली इस बार तड़पाएगी गर्मी! दिल्ली में अभी टूटा 50 साल का रिकॉर्ड, मार्च के पहले हफ्ते में दर्ज हुआ सबसे अधिक तापमान

इस बार तड़पाएगी गर्मी! दिल्ली में अभी टूटा 50 साल का रिकॉर्ड, मार्च के पहले हफ्ते में दर्ज हुआ सबसे अधिक तापमान

दिल्ली में अभी से गर्मी ने अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया है। आईएमडी ने अनुमान जताया है कि इस बार दिल्ली और उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़ने वाली है। मार्च के पहले हफ्ते में ही 50 साल का रिकॉर्ड टूट गया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

दिल्ली में मार्च की शुरुआत में ही रिकॉर्ड गर्मी पड़ने लगी है। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि इस बार कितनी गर्मी पड़ सकती है? दिल्ली में असामान्य रूप से गर्म मौसम के चलते शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पिछले 50 सालों में इस महीने के पहले हफ्ते में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है। 

जानिए क्या बोले मौसम विभाग के अधिकारी

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले 50 सालों के मौसम के आंकड़ों के अनुसार, शहर के आधार मौसम केंद्र सफदरजंग में मार्च के पहले 7 दिनों के दौरान दर्ज किया गया उच्चतम अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस था, जो पांच मार्च, 1999 को दर्ज किया गया था।

शनिवार को पारा 35.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा

आईएमडी के अधिकारी ने बताया कि शनिवार को पारा 35.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के साथ ही यह पिछले 50 सालों में मार्च के पहले सप्ताह का सबसे गर्म दिन बन गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 2011 से बाद के आंकड़ों से पता चलता है कि मार्च के पहले सप्ताह के दौरान दूसरा सबसे अधिक तापमान 2016 में दर्ज किया गया था, जब चार मार्च को पारा 33.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। 

सामान्य से 7.3 डिग्री अधिक रहा तापमान

दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.3 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था। 

एक महीने के भीतर बदला मौसम

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, महीने के केवल एक सप्ताह के भीतर ही अब तक औसत अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो 2022 के बाद से सबसे अधिक है।

मार्च में अब तक का सबसे अधिक तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस

साल 2022 में मार्च महीने का औसत अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस था, जबकि औसत न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस था। दिल्ली में मार्च महीने में दर्ज किया गया अब तक का सबसे अधिक तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस है, जो 31 मार्च, 1945 को दर्ज किया गया था।