A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, हर साल 35000 श्रमिकों को मिलेगी ट्रेनिंग, कौशल विकास अभियान का शुभारंभ

श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, हर साल 35000 श्रमिकों को मिलेगी ट्रेनिंग, कौशल विकास अभियान का शुभारंभ

श्रमिक दिवस के अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कई बड़े ऐलान किए हैं। हर साल 35000 श्रमिकों को ट्रेनिंग देने के लिए कौशल विकास अभियान का शुभारंभ किया गया है।

cm rekha gupta labour day programme- India TV Hindi
Image Source : X (@GUPTA_REKHA) सीएम रेखा ने किया कर्मयोगियों का सम्मान।

भारत समेत पूरी दुनिया में 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस मनाया गया। इस खास दिवस पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी श्रमिकों को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही दिल्ली में श्रमिक सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया जिसमें सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली के कर्मयोगियों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम के दौरान सीएम रेखा ने श्रमिकों की सुविधा के लिए कई बड़े ऐलान भी किए। आइए जानते हैं इनके बारे में।

हर साल 35,000 श्रमिकों को ट्रेनिंग

श्रमिक सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा- "राष्ट्र निर्माण में अपनी अमूल्य भूमिका निभाने वाले सभी श्रमिक भाइयों-बहनों को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज श्रमिक सम्मान समारोह में सम्मिलित होकर कर्मयोगी साथियों को नमन करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में 1000 निर्माण श्रमिकों को सुरक्षा किट और श्रमिक परिवारों के 100 बच्चों को शिक्षा किट प्रदान की गई, साथ ही हर वर्ष 35,000 श्रमिकों को प्रशिक्षित करने वाले बड़े स्तर के कौशल विकास अभियान का शुभारंभ किया गया।"

Image Source : X (@gupta_rekha)श्रमिकों के साथ सीएम रेखा गुप्ता।

श्रमिकों के लिए पंजीकरण और नवीनीकरण शुल्क माफ

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा- "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रमयोगियों के सम्मान को शासन की सोच और नीति के केंद्र में स्थापित किया है। उनके मार्गदर्शन में ‘विकसित भारत’ का संकल्प श्रमिक सशक्तिकरण से ही आगे बढ़ता है, जहां हर श्रमिक सुरक्षित, सम्मानित और अवसरों से जुड़ा हो। इसी भावना के साथ हमारी सरकार द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए पंजीकरण और नवीनीकरण शुल्क को पूर्णतः माफ किया जा रहा है।"

श्रमिक सेवा केंद्र की होगी स्थापना

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा- “सामूहिक विवाह योजना” के माध्यम से श्रमिक परिवारों को सम्मानपूर्ण सहयोग मिलेगा। साथ ही, आधुनिक लेबर चौक और “श्रमिक सेवा केंद्र” स्थापित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से आवश्यक सेवाएं सीधे श्रमिकों तक पहुंचेंगी।" बता दें कि इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रमिक भी उपस्थित रहे।

Image Source : X (@gupta_rekha)सीएम रेखा ने किया श्रमिकों का सम्मान।

श्रमेव जयते- सीएम रेखा

इससे पहले श्रमिक दिवस पर किए गए एक ट्वीट में सीएम रेखा गुप्ता ने कहा- "श्रमेव जयते! समस्त श्रमिक भाई-बहनों को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। राष्ट्र के नवनिर्माण और प्रगति में हमारे कर्मठ श्रमिकों का योगदान सर्वोपरि है। आपकी निस्वार्थ सेवा और कठोर परिश्रम को सादर नमन। दिल्ली सरकार श्रमिकों के सम्मान, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा उनके सर्वांगीण कल्याण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।"

ये भी पढ़ें- VIDEO: "एक ही दुकान से सामान खरीदने का दबाव बनाया, तो खैर नहीं", प्राइवेट स्कूलों को CM रेखा गुप्ता की चेतावनी

महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष पर भड़कीं सीएम रेखा गुप्ता, बोलीं- 'लोकतंत्र में एक काला अध्याय जुड़ गया'