10 साल तक फरार और आखिरकार कानून के शिकंजे में! ARSC, क्राइम ब्रांच के हाथ बड़ी सफलता लगी है। जमानत पर रिहा होने के बाद से फरार चल रहे दो भाइयों को दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें इन दोनों भाइयों को आजीवन कारावास की सजा हो चुकी थी, लेकिन उन्होंने बड़े ही चालाकी से जमानत ली और फिर फरार हो गए। पुलिस करीब 10 सालों से इनकी खोज कर रही थी। आखिरकार अब ये दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं और इन्हें तिहाड़ भेज दिया गया है। इनमें से एक का नाम फिरासत अली है जिसकी उम्र 56 साल है और दूसरा शाहनवाज अली है। इसकी उम्र करीब 51 साल है।
जानकारी अनुसार दोनों को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और झारखंड के गोड्डा से पकड़ा गया। इनमें से एक आरोपी फिरासत अली 2006 के मुंबई के चर्चित सुपारी मर्डर में फरार चल रहा था। जिसकी तलाश में पुलिस लंबे समय से जुटी हुई थी। बता दें इससे पहले साल 2000 में भी इन दोनों भाइयों ने अरशद अली और जहांगीर खान के साथ मिलकर इश्तियाक नाम के व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद इन दोनों को उम्रकैद दे दी गई थी। लेकिन दोनों जमानत पर फरार हो गए थे।
फरारी में ही फिरासत ने मुंबई में एक ओर व्यक्ति की हत्या कर दी थी। जिसके बाद से ये इस केस में भी वॉन्टेड था। मुंबई पुलिस ने 2018 में फिरासत को गिरफ्तार भी कर लिया था, लेकिन 2021 में बॉम्बे हाई कोर्ट से इसे जमानत मिल गई थी। दिल्ली वाले मर्डर केस में 2023 में ये फिर से फरार हो गया और शाहनवाज 2016 से ही गायब था। लगातार गुप्त स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं, तकनीकी निगरानी और मुरादाबाद (उ.प्र.) तथा गोड्डा (झारखंड) में एक साथ की गई छापेमारी के दौरान दोनों को दबोच लिया गया।
यह सफल अभियान इंस्पेक्टर रॉबिन त्यागी के नेतृत्व में, एसीपी संजय नागपाल के मार्गदर्शन और डीसीपी श्री संजीव कुमार यादव के पर्यवेक्षण में संपन्न किया गया। अब दोनों को तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें:
दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान, रक्षा बंधन पर महिलाओं के लिए नई योजना की शुरुआत; हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये