1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. रक्षा मंत्रालय की ASO ने लगाई फांसी, पंखे पर लटका मिला शव; ससुराल वालों पर लगे गंभीर आरोप

रक्षा मंत्रालय की ASO ने लगाई फांसी, पंखे पर लटका मिला शव; ससुराल वालों पर लगे गंभीर आरोप

रक्षा मंत्रालय की ASO की खुदकुशी का मामला सामने आया है। बेटी की मौत के बाद पिता ने उसके ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जानें ये पूरा मामला क्या है।

Defence Ministry ASO death- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो) दिल्ली से रक्षा मंत्रालय में ASO की खुदकुशी का मामला सामने आया है।

रक्षा मंत्रालय में Assistant Section Officer के पद पर तैनात 30 साल की महिला ने साउथ-वेस्ट दिल्ली के द्वारका स्थित अपने किराए के मकान में कथित रूप से खुदकुशी कर ली। इसके बाद, मृतका के माता-पिता ने उनके पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। अधिकारियों के मुताबिक, नाजिया खानम का शव बीते 21 अगस्त की सुबह भरथल गांव के एक फ्लैट में पंखे से लटका हुआ बरामद किया गया।

दिल्ली पुलिस को तड़के मिली मौत की खबर

पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि नाजिया की शादी मोहम्मद आजम अली खान से 11 अप्रैल को हुई थी। इस घटना के संबंध में बीते 21 अगस्त को सुबह 4.21 बजे सेक्टर-23 पुलिस स्टेशन में पीसीआर कॉल मिली थी। इसके बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।

नाजिया के परिजनों ने ससुराल वालों पर लगाए आरोप

दिल्ली पुलिस ने बताया कि संबंधित SDM को खबर दी गई और शव को दीन दयाल उपाध्याय हॉस्पिटल के मुर्दाघर में रखवाया गया। पुलिस के अनुसार, नाजिया खानम की फैमिली मेंबर 21 अगस्त को कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश हुए और लिखित बयान दिए, लेकिन उस वक्त उन्होंने अपनी बेटी के ससुराल वालों के विरुद्ध कोई आरोप नहीं लगाया था। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हालांकि, बीते 22 अगस्त को नाजिया खानम के माता-पिता फिर से एसडीएम के सामने पेश हुए और दोबारा स्टेटमेंट दर्ज कराए और एक शिकायत दी। इसमें उन्होंने बेटी के पति और ससुराल के अन्य मेंबर्स पर आरोप लगाए।'

नाजिया के पिता ने कही प्रताड़ित करने की बात

शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने 22 अगस्त को सेक्टर-23 द्वारका पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कर जांच शुरू की। FIR के मुताबिक, पिता ने आरोप लगाया कि नाजिया खानम को उसके पति, सास समीमुन निशा और ससुर बाबर अली खान की तरफ से लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी।

3 महीने की प्रेग्नेंट थीं नाजिया खानम

शिकायत में आरोप लगाया गया कि नाजिया खानम के ससुराल वाले उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करते थे। उसे धमकाया भी जाता था। शिकायत में ये भी कहा गया कि नाजिया खानम करीब 3 महीने की प्रेग्नेंट थीं और उन्होंने इस कथित प्रताड़ना को लेकर फोन पर अपने परिवार वालों को बताया था।

घटना से पहले नाजिया ने मुझे कमरे में कर दिया था बंद- पति

पुलिस के मुताबिक, नाजिया के पति मोहम्मद आजम अली खान ने जांचकर्ताओं को बताया कि वारदात से पहले दंपति के बीच बहस हुई थी। आजम के बयान के मुताबिक, नाजिया खानम ने कथित रूप से उसको एक कमरे में बंद कर दिया था और फिर दूसरे कमरे में चली गईं। इसके बाद मोहम्मद आजम अली खान ने मकान मालिक को खबर दी, जिसने उसे कमरे से बाहर निकलने में सहायता की।

पंखे से लटका मिला नाजिया का शव

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इसके बाद नाजिया खानम का शव पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। खुदकुशी का मामला इससे पहले दिल्ली के साकेत कोर्ट से सामने आया था, जब टॉप फ्लोर से कूदकर क्लर्क ने आत्महत्या कर ली थी

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- IGI एयरपोर्ट पर CISF महिला कांस्टेबल ने की खुदकुशी, सर्विस रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली

डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।

या

TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)

(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)