1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: सरकारी अस्पताल में जिस महिला मरीज से हुई थी छेड़छाड़, उसकी मौत, आरोपी फैज गिरफ्तार

दिल्ली: सरकारी अस्पताल में जिस महिला मरीज से हुई थी छेड़छाड़, उसकी मौत, आरोपी फैज गिरफ्तार

दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में महिला मरीज के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। महिला की मौत हो गई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी फैज को गिरफ्तार कर लिया है।

Delhi Police- India TV Hindi
Image Source : FILE/PTI दिल्ली पुलिस

नई दिल्ली:  दिल्ली के सरकारी अस्पताल में जिस महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया था, उसकी मौत हो गई है। छेड़छाड़ के आरोपी फैज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 

क्या है पूरा मामला?

बेहोशी की हालत में लड़की पुलिस को सोनिया विहार इलाके में मिली थी जिसके बाद इलाज के लिए लड़की को जगप्रवेश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतक लड़की जिस वार्ड में थी, उसी वार्ड में फैज भी एडमिट था। फैज पर आरोप है कि वो लड़की को बहलाकर अस्पताल में ही पीछे ले गया और वहां उसके साथ छेड़छाड़ की।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के मुताबिक, 23 जून 2025 को जेपीसी अस्पताल में एक महिला मरीज के साथ छेड़छाड़ की सूचना थाना न्यू उस्मानपुर को प्राप्त हुई। पूछताछ में पता चला कि वह 21 जून को अस्पताल में भर्ती हुई थी और उपचार के दौरान 23 जून को जब वह वार्ड से बाहर गई तो उसके साथ छेड़छाड़ की घटना की सूचना मिली। इसके बाद थाना न्यू उस्मानपुर द्वारा कानून की उचित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि महिला को विशेष उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। उसकी एमएलसी के अनुसार जांच के समय कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई। आज जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली है कि उपचार के दौरान मरीज महिला की मृत्यु हो गई है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और पीएमई रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हालही में नेहा मर्डर केस में गिरफ्तार हुआ था तौफीक नाम का आरोपी

हालही में दिल्ली से एक और केस सामने आया था। दिल्ली पुलिस ने नॉर्थ ईस्ट जिले के ज्योति नगर इलाके में नेहा मर्डर मामले में आरोपी तौफीक को गिरफ्तार किया था। आरोपी वारदात के बाद से पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था लेकिन पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रामपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया।