1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. प्रेमी की होने वाली दुल्हन पर युवती ने फेंका तेजाब, दिल्ली में दिल दहला देने वाली घटना

प्रेमी की होने वाली दुल्हन पर युवती ने फेंका तेजाब, दिल्ली में दिल दहला देने वाली घटना

दिल्ली के गोकुलपुरी में प्रेमी की होने वाली दुल्हन पर युवती ने मेहंदी समारोह के दौरान तेजाब फेंक दिया। पीड़िता इस हमले में गंभीर रूप से झुलस गई और अस्पताल में भर्ती है।

Delhi acid attack case, Gokulpuri acid attack, bride acid attack India- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL दिल्ली में एक युवती पर तेजाब फेंके जाने की घटना सामने आई है।

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 21 वर्षीय युवती पर उसके होने वाले दूल्हे की कथित प्रेमिका ने तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में 26 वर्षीय आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पीड़िता की शादी 19 अप्रैल को होनी थी। हमले में उसकी आंखों, चेहरे, गर्दन और हाथ पर गंभीर जलने के निशान आए हैं। फिलहाल पीड़िता का इलाज गुरु तेग बहादुर अस्पताल (GTB हॉस्पिटल) में चल रहा है, जहां डॉक्टरों ने उसे निगरानी में रखा है। जानकारी के मुताबिक, 19 अप्रैल को ही पीड़िता की बहन की भी शादी होनी थी।

युवती ने कैसे दिया घटना को अंजाम?

यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे इंदिरा विहार स्थित पीड़िता के घर पर हुई, जहां 'मेहंदी की रस्म' चल रही थी। पुलिस के मुताबिक, समारोह के दौरान आरोपी महिला वहां पहुंची और सामान्य तरीके से बातचीत करने लगी। पुलिस सूत्रों ने बताया, 'शुरुआत में हमें पता चला कि दोनों महिलाएं सामान्य रूप से बातचीत कर रही थीं और मेहंदी लगाने के तरीके पर चर्चा कर रही थीं, तभी स्थिति अचानक बदल गई।' इसके बाद आरोपी महिला ने अचानक एक बोतल खोली और उसमें रखा तेजाब पीड़िता के चेहरे पर फेंक दिया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

आरोपी महिला को लोगों ने पकड़ा

परिवार के सदस्य तुरंत पीड़िता की मदद के लिए दौड़े, जो दर्द से कराह रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी महिला को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक, 'सूचना मिलने के बाद गोकुलपुरी थाने की एक टीम इंदिरा विहार इलाके में मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि पीड़िता को उसके परिवार के सदस्य पहले ही जीटीबी अस्पताल ले जा चुके हैं।' प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला पहले से सोची-समझी साजिश का हिस्सा था। पुलिस सूत्र ने बताया, 'आरोपी पीड़िता की पड़ोसी है। उसका पीड़िता के होने वाले दूल्हे के साथ 5 साल से प्रेम प्रसंग था।'

महिला को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

पुलिस ने कहा, 'ईर्ष्या और गुस्से में आकर आरोपी महिला ने पीड़िता पर तेजाब फेंक दिया।' घटना के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी महिला को तेजाब कहां से मिला। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।