1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के कीर्ति नगर में कुत्ते की मौत पर बवाल, गार्ड और एनिमल एक्टिविस्ट महिला, दोनों पक्षों पर केस दर्ज

दिल्ली के कीर्ति नगर में कुत्ते की मौत पर बवाल, गार्ड और एनिमल एक्टिविस्ट महिला, दोनों पक्षों पर केस दर्ज

दिल्ली के कीर्ति नगर में कुत्ते की मौत के मामले में पुलिस ने गार्ड और एनिमल एक्टिविस्ट, दोनों पक्षों पर केस दर्ज किए हैं। बता दें कि महिला द्वारा गार्ड को बुरी तरह से पीटे जाने का वीडियो वायरल हो गया है।

delhi kirti nagar dog death controversy- India TV Hindi
Image Source : REPORTER महिला ने गार्ड को पीटा।

दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में कुत्ते की मौत के बाद काफी हंगामा देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, एक सिक्योरिटी गार्ड ने कुत्ते को पीटा जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद एनिमल एक्टिविस्ट महिला ने पुलिस के सामने ही गार्ड की बुरी तरह से पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया जिसपर लोगों ने अलग-अलग राय दी। वहीं, मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने भी इस मामले में एक्शन लिया है। पुलिस ने गार्ड और एनिमल एक्टिविस्ट, दोनों पक्षों पर केस दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, कीर्ति नगर थाना इलाके में कुत्ते की मौत और गार्ड से मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। शिकायतकर्ता तरुण घई ने आरोप लगाया है कि बीते 7 मई की शाम जे-ब्लॉक, कीर्ति नगर में गार्ड विनोद पासवान ने लोहे की रॉड से एक आवारा कुत्ते को पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कुत्ते को पहले निजी पशु चिकित्सक और बाद में नजफगढ़ इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

महिला ने गार्ड के साथ मारपीट की

इस घटना के बारे में अब तक मिली जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान सामने आया है कि एनिमल एक्टिविस्ट जस्मीत कौर ने कीर्ति नगर थाने के बाहर गार्ड विनोद पासवान के साथ कथित तौर पर मारपीट की। इसके बाद गार्ड विनोद पासवान ने भी पुलिस में शिकायत दी है। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण अस्पताल में कराया गया है।

किन धाराओं में दर्ज हुआ केस?

इस मामले की शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने गार्ड के खिलाफ पशु क्रूरता और कुत्ते की मौत के मामले में एफआईआर नंबर 104/26 दर्ज की है। वहीं गार्ड की शिकायत पर जस्मीत कौर और अन्य के खिलाफ मारपीट व धमकी की धाराओं में एफआईआर नंबर 105/26 दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- IPL मैच देखकर लौट रहे 2 दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, कुछ दिन पहले ऐसे ही गई थी 2 भाइयों की जान

दिल्ली में नॉर्थ ईस्ट की महिला और उसकी फ्रेंड के साथ बीच सड़क पर मारपीट, पीछा कर फाड़े गए कपड़े- VIDEO