1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: नजफगढ़ इलाके में फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई, 2 शूटर गिरफ्तार

दिल्ली: नजफगढ़ इलाके में फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई, 2 शूटर गिरफ्तार

दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में फायरिंग मामले में 2 शूटरों को गिरफ्तार किया गया था। ये फायरिंग विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नवीन बाली के इशारे पर हुई थी।

Najafgarh firing case- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT 2 शूटरों को गिरफ्तार किया गया

नई दिल्ली: द्वारका के नजफगढ़ इलाके में अशोक प्रधान गैंग के मेंबर रोहित लाम्बा के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। द्वारका AATS और नारकोटिक्स के ज्वाइंट ऑपरेशन में 2 शूटरों को गिरफ्तार किया गया है।

क्या है पूरा मामला?   

विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नवीन बाली के इशारे पर गोलियां चलाई थीं और इसके बाद शूटर फरार होकर उत्तराखंड के मसूरी में जा छिपे थे। सोशल मीडिया के जरिए ये शूटर लगातार गैंगस्टर के संपर्क में थे। शूटर्स के नाम मनीष और हिमांशु हैं।

दरअसल 28 अक्टूबर की रात नजफगढ़ इलाके में बदमाशों ने एक शख्स को खत्म करने के इरादे से कई राउंड फायरिंग की थी। सीसीटीवी कैमरा फुटेज में 3–4 बदमाश भागते हुए भी दिखाई दिए थे और उनकी गाड़ी भी नजर आई थी, जिसके बाद कई टीमें आरोपियों को पकड़ने में जुटी थीं।    

द्वारका AATS की टीम आरोपियों की तलाश में दिल्ली से सटे कई इलाकों में छापेमारी कर रही थी, जिसके बाद 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।

हालही में दिल्ली के सीलमपुर इलाके में हुई थी गैंगवार

हालही में दिल्ली के सीलमपुर इलाके में भी गैंगवार हुई थी, जिसमें एक युवक का मर्डर हुआ था। मिस्बाह नाम के शख्स को बदमाशों ने 15 से ज्यादा गोलियां मारी थीं। इस हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था और दहशत फैल गई थी।

मिली जानकारी के मुताबिक, जिस युवक की हत्या हुई, उस पर हत्या और लूट के कई मामले दर्ज थे और वह जुलाई में ही जेल से बाहर निकला था। बताया जा रहा है कि मृतक युवक उत्तरी पूर्वी दिल्ली के हाशिम बाबा गैंग से जुड़ा था।

मृतक की उम्र महज 22 साल थी। घटना रात को 10 बजे के आसपास की हो सकती है क्योंकि दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसे रात करीब 10:40 बजे फायरिंग की घटना की जानकारी मिली थी।