1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली मेट्रो में सरकार के खिलाफ पोस्टर मिलने पर मचा हड़कंप, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR, स्पेशल सेल भी जांच में जुटी

दिल्ली मेट्रो में सरकार के खिलाफ पोस्टर मिलने पर मचा हड़कंप, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR, स्पेशल सेल भी जांच में जुटी

दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की ट्रेन के अंदर सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले दो पोस्टर मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

Delhi Metro- India TV Hindi
Image Source : PTI दिल्ली मेट्रो

नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के अंदर सरकार के खिलाफ पोस्टर मिलने पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की ट्रेन के अंदर सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले दोनों पोस्टर को दिल्ली पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की जांच में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी शामिल हो गई है।

सरकार विरोधी पोस्टर की सूचना से मचा हड़कंप

दरअसल, दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के अंदर दो ऐसे पोस्टर मिले जिसमें सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए गए थे। ट्रेन के अंदर चिपके सरकार विरोधी पोस्टर की सूचना मिलते मेट्रो के महकमे में हड़कंप मच गया। दोनों पोस्टर में क्यूआर कोड से ऑनलाइन ग्रुप से जुड़ने का न्योता दिया गया था।

ट्रेन ऑपरेटर ने सीनियर अधिकारियों को दी सूचना

ट्रेन ऑपरेटर तरुण चौधरी ने जांच के दौरान पोस्टर देखकर अपने वरिष्ठ अधिकारियों और OCC को सूचना दी। इसके बाद द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन के कंट्रोलर को दोनों पोस्टर सौंपे गए। पुलिस ने दोनों पोस्टर कब्जे में लेकर शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की। दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट, 2007 और मेट्रो रेलवे (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) एक्ट, 2002 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। 

Image Source : Reporter Inputएफआईआर कॉपी

एक पोस्टर पर QR कोड भी था, जिसे स्कैन करके लोगों को व्हाट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ने के लिए कहा गया था। दूसरे पोस्टर पर पिछले 12 साल में देश में हुए बदलावों को लेकर नौ दावे किए गए थे। इन दावों में महिलाओं के खिलाफ अपराध, मॉब हिंसा, पुलिस हिरासत में मौतें, सरकारी प्रचार पर खर्च, रुपये की कीमत में गिरावट और रोजगार जैसे मुद्दे शामिल थे। पोस्टर में सरकार की नीतियों और योजनाओं पर सवाल उठाए गए थे। फिलहाल मामले में किसी आरोपी का नाम सामने नहीं आया है। पुलिस पोस्टर लगाने के पीछे की मंशा और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।

संदिग्ध यात्री को पकड़ा

बता दें कि हाल ही में दिल्ली मेट्रो ने सीआईएसएफ से बचकर भागने की कोशिश कर रहे संदिग्ध यात्री को पकड़ा है। दरअसल जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर बैगेज चेकिंग के दौरान एक्स-रे मशीन में संदिग्ध घनी वस्तु दिखी थी। जांच के दौरान यात्री ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद CISF जवानों ने पीछा कर उसे एग्जिट गेट के पास पकड़ा।

CISF ने अपने एक्स हैंडल पर इस मामले से जुड़ी जानकारी शेयर की। CISF ने बताया कि दिल्ली मेट्रो के जामा मस्जिद स्टेशन पर सामान की जांच के दौरान XBIS स्क्रीन पर एक संदिग्ध और सघन वस्तु दिखाई दी और एक यात्री वहां से भागने की कोशिश करने लगा। CISF के जवानों ने तुरंत भाग रहे यात्री का पीछा किया और उसे एग्जिट गेट के पास पकड़ लिया। उसके सामान की और जांच करने पर, उसके अंडरगारमेंट के सिले हुए हिस्से में छिपाकर रखा गया एक अज्ञात पदार्थ मिला। खुद को कुआलालंपुर में रहने वाला NRI बताने वाले इस यात्री को, उसके सामान के साथ, आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।

ये भी पढ़ें:
CM रेखा गुप्ता ने दिया पब्लिक हेल्थ कर्मचारियों को तोहफा, न्यूनतम 18,000 रुपये मासिक वेतन और महंगाई भत्ता भी मिलेगा