1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश, कई जगहों पर गिरे पेड़

दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश, कई जगहों पर गिरे पेड़

दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर पेड़ गिर गए। सड़कों पर लंबा जाम लग गया। मौसम विभाग ने पहले ही आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया था।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV दिल्ली-एनसीआर में बारिश

दिल्ली एनसीआर में मंगलवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। तेज आंधी-तूफान के चलते सड़क किनारे छोटे-छोटे पेड़ गिर गए। दिल्ली के सीपी, मंडी हाउ, द्वारका और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई। बारिश के चलते सड़कों पर लंबा जाम लग गया। लोगों को ऑफिस जाने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश

दिल्ली के साथ ही नोएडा और गाजियाबाद में भी भारी बारिश हुई। दिल्ली-एनसीआर के अन्य क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे। उमसभरी गर्मी हो रही थी। मौसम में हुए बदलाव के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

पहले ही जारी हुआ था अलर्ट

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी हो रही थी। दिन के समय तेज धूप निकल रही थी। पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार तक पहुंच रहा था। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों के लिए पहले ही आंधी और बारिश का अनुमान जताया था।

कल भी दिल्ली-एनसीआर में आई थी आंधी

वहीं, हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हुए एक नए पश्चिमी विक्षोभ और मानसून की नम हवाओं के असर के कारण सोमवार को उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान के एक बड़े हिस्से में सोमवार को धूलभरी आंधी चली थी। दिल्ली के कई हिस्सों में सोमवार को तेज आंधी के साथ हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से खासी राहत दी थी।

जानिए क्या बोला मौसम विभाग

निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी 'स्काईमेट वेदर' के विशेषज्ञ महेश पालावत ने बताया, 'पंजाब, हरियाणा और आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ था। इसके चलते दिल्ली में बारिश हुई। अरब सागर से आ रही नमी से भरी दक्षिण-पश्चिमी हवाओं ने भी इस मौसम को बनाने में मदद की। इसी नमी और चक्रवाती हवाओं के कारण पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कई हिस्सों में पानी बरसा।'

अगले दो दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह सिलसिला अगले दो दिनों तक जारी रह सकता है, हालांकि इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी। हवा में नमी होने के कारण फिलहाल तापमान में भारी बढ़ोतरी की आशंका नहीं है, जिसके बाद पारा फिर चढ़ना शुरू होगा। 

ये भी पढ़ें: 

VIDEO: अमेरिका के बाद अब रूस का बॉम्बर प्लेन हुआ क्रैश, साइबेरिया के जंगलों में जा गिरा विमान

केरल में शिगेला से अब 7 साल के बच्चे ने तोड़ा दम, 2 और मौतों से मरने वालों की संख्या हुई 5, मामलों की कुल संख्या 147