1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में मेट्रो, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी, कितने मिनट पहले पहुंचे, यहां जानें

दिल्ली में मेट्रो, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी, कितने मिनट पहले पहुंचे, यहां जानें

राष्ट्रीय राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सभी यात्रियों को रेलवे स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों और हवाई अड्डे पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी जाती है।

वाहनों की जांच करती दिल्ली पुलिस- India TV Hindi
Image Source : PTI वाहनों की जांच करती दिल्ली पुलिस

नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी में बम ब्लास्ट के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने सभी यात्रियों को रेलवे स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों और हवाई अड्डे पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि यात्री रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के प्रस्थान से कम से कम एक घंटे पहले पहुंचे। वहीं, मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो मेट्रो के निर्धारित प्रस्थान समय से कम से कम 20 मिनट पहले पहुंचने की सलाह दी है। पुलिस ने यह भी कहा है कि एयरपोर्ट पर जाने वाले यात्री उड़ान के निर्धारित समय से कम से कम तीन घंटे पहले पहुंचे। 

पुलिस ने यह सलाह दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, मेट्रो स्टेशनों और हवाई अड्डे के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुचारू सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने, अंतिम समय में होने वाली असुविधाओं से बचने और समय पर विमान में चढ़ने की सुविधा के लिए जारी की गई है।  

आतंकियों का नया सीसीटीवी आया सामने

बता दें कि दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम को हुए आतंकी हमले में 12 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 27 लोग जिंदगी और मौत से जंग अस्पताल में लड़ रहे हैं। बम ब्लास्ट का एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें उस दिन मुख्य संदिग्ध डॉ.उमर नबी को बदरपुर बॉर्डर टोल प्लाजा से दिल्ली में प्रवेश करते हुए और बाद में रामलीला मैदान के नजदीक एक मस्जिद के पास टहलते हुए देखा जा सकता है। बदरपुर टोल प्लाजा के फुटेज में उमर को विस्फोट के दिन 10 नवंबर को एक सफेद हुंदै आई20 कार चलाते हुए और सुबह 8.02 बजे टोल गेट पर रुकते हुए देखा जा सकता है। कार कुछ देर के लिए रुकती है व उमर नकदी निकालता है और आगे बढ़ने से पहले उसे टोल ऑपरेटर को सौंप देता है। 

जांचकर्ताओं ने बताया कि मास्क पहने हुए उमर बार-बार सीसीटीवी कैमरे की ओर देख रहा था - संभवतः उसे पता था कि सुरक्षा एजेंसियां ​​उसकी तलाश में हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि (सीसीटीवी फुटेज में) कार की पिछली सीट पर एक बड़ा बैग भी रखा हुआ देखा जा सकता है, जिसके बारे में माना जा रहा है कि उसमें विस्फोटक रखा हुआ था।