अवैध रूप से रहने वाले लोगों के खिलाफ जारी मुहिम के तहत नॉर्थ-वेस्ट जिले के फॉरेनर सेल ने दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में चार अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा। यह कार्रवाई सुबह-सुबह भलस्वा फ्लाईओवर के पास की गई। खास जानकारी मिलने पर टीम ने संदिग्धों को रोका। ये लोग इलाके में ट्रांसजेंडर के भेष में घूम रहे थे। लंबी पूछताछ और जांच-पड़ताल के बाद यह पता चला कि वे बांग्लादेशी नागरिक हैं और बिना किसी वैध यात्रा या पहचान दस्तावेज के भारत में अवैध रूप से रह रहे थे। हाल ही में वीजा शर्तों का उल्लंघन कर भारत में निर्धारित अवधि से अधिक समय तक रह रहे दो बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए थे।
दिल्ली पुलिस ने 4 बांग्लादेशी नागरिक को किया गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस के मुताबिक नॉर्थ-वेस्ट जिले का फॉरेनर सेल निगरानी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहा था। टीम ने 7 सितंबर को सुबह-सुबह जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन इलाके में भलस्वा फ्लाईओवर के पास छापेमारी की। दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा कि एक गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने चार संदिग्ध लोगों को पकड़ा। शुरुआती पूछताछ के दौरान संदिग्ध कोई भी वैध यात्रा या पहचान दस्तावेज नहीं दिखा पाए। दस्तावेजों की विस्तृत जांच, डिजिटल फुटप्रिंट और लगातार पूछताछ से यह पता चला कि वे बांग्लादेशी नागरिक थे जो भारत में गैर-कानूनी रूप से रह रहे थे।
5 स्मार्टफोन बरामद
जांच के दौरान पांच स्मार्टफोन बरामद किए गए, जिनमें प्रतिबंधित IMO ऐप इंस्टॉल था और फोन की गैलरी में बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान दस्तावेज मौजूद थे। दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त के अनुसार पकड़े गए लोगों की पहचान सैकत उर्फ मेघा दास (35), मो. नूर मोहम्मद (21), नाज़िमुद्दीन उर्फ नेहा कक्कन (29) और मो. ज़ाहिद हसन उर्फ शिवांगी रॉय (23) के तौर पर हुई है। ये सभी बांग्लादेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं।
दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन
कानून के प्रावधानों के अनुसार जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिकों को फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के सामने पेश किया गया और तय प्रक्रिया के अनुसार उन्हें वापस भेजने (डिपोर्टेशन) की कार्रवाई शुरू की गई।
(Input- ANI)
ये भी पढ़ें - दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन चक्रव्यूह, 61 टीमों की ताबड़तोड़ छापेमारी में 81 भगौड़े क्रिमिनल अरेस्ट