1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में ठक-ठक गैंग के 2 बदमाश गिरफ्तार, 500 महिलाओं का 'ब्लैकमेलर' भी पकड़ा गया

दिल्ली में ठक-ठक गैंग के 2 बदमाश गिरफ्तार, 500 महिलाओं का 'ब्लैकमेलर' भी पकड़ा गया

दिल्ली पुलिस ने दो बड़े मामलों में सफलता हासिल की है। पुलिस ने ‘ठक-ठक गैंग’ के दो बदमाशों को चोरी के मोबाइल बेचते पकड़ा, जिन पर 39 केस दर्ज हैं। वहीं एक ठग गिरफ्तार हुआ है जिसने 500 से अधिक महिलाओं को हनी-ट्रैप और ब्लैकमेल कर करीब 2 करोड़ रुपये ठगे।

Delhi police arrest, thak thak gang Delhi, cyber fraud India, honey trap scam- India TV Hindi
Image Source : ANI दिल्ली पुलिस ने ठक-ठक गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने क्राइम के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एक तरफ ‘ठक-ठक गैंग’ के 2 सक्रिय बदमाशों को पकड़ा गया, वहीं दूसरी ओर सैकड़ों महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने वाले एक आरोपी को भी दबोचा गया है। ANI की खबर के मुताबिक, ठक-ठक गैंग के दोनों आरोपी पंजाबी बाग के रहने वाले हैं और इनके पास से बड़ी संख्या में चोरी के मोबाइल फोन बरामद हिुए हैं।

चोरी की मोबाइल फोन बेचते हुए पकड़े गए आरोपी

साउथ दिल्ली की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने 17 अप्रैल को ‘ठक-ठक गैंग’ के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। ये गैंग दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़कर सामान चोरी करने में माहिर था। पुलिस को 14 अप्रैल की शाम को सूचना मिली, जिसके आधार पर इंस्पेक्टर उमेश यादव की टीम ने पुष्पा भवन बस स्टैंड के पास जाल बिछाया। इसी दौरान दोनों आरोपी चोरी के मोबाइल फोन बेचने की कोशिश करते हुए पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 42 वर्षीय रहमत अली उर्फ सिब्बू और 35 वर्षीय हेमंत उर्फ बल्लू/कल्लू के रूप में हुई है। दोनों पंजाबी बाग के रहने वाले हैं।

सिब्बू और हेमंत पर दर्ज हैं कुल मिलाकर 39 केस

पुलिस ने इनके पास से 11 चोरी के मोबाइल, एक पासपोर्ट, एक बैग और वारदात में इस्तेमाल होने वाली स्कूटी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, सिब्बू पर पहले से 23 मामले दर्ज हैं और वह जुलाई 2024 में जेल से छूटा था। वहीं हेमंत पर 16 केस हैं और वह मई 2024 में जेल से बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद दोनों फिर से अपराध में शामिल हो गए। इनकी गिरफ्तारी से संगम विहार, महरौली, मालवीय नगर, साकेत, हौज खास समेत कई इलाकों में दर्ज 16 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

महिलाओं से ठगी करने वाला भी पकड़ा गया

एक अन्य मामले में दक्षिण-पश्चिम जिले की साइबर पुलिस ने 16 अप्रैल को एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने देशभर में 500 से ज्यादा महिलाओं से करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी की थी। आरोपी की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से हनी-ट्रैप, रोमांस स्कैम और ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों में शामिल था। आनंद कुमार फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर खुद को डॉक्टर, बिजनेसमैन या फिल्म प्रोड्यूसर बताता था। आरोपी महिलाओं से प्यार और शादी का झांसा देकर भावनात्मक संबंध बनाता और फिर ब्लैकमेल करके उनसे पैसे ऐंठता था।